
नयी दिल्ली. भाजपा ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि अगर मोदी वास्तव में डोनाल्ड ट्रंप से डरते तो अमेरिकी राष्ट्रपति उनका ध्यान आर्किषत करने के लिए हर कुछ दिनों में सार्वजनिक रूप से यह नहीं कहते कि ”मोदी एक महान व्यक्ति हैं.” राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए सत्तारूढ़ पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके ”परिवार के रिकॉर्ड और कांग्रेस के इतिहास” को देखते हुए, यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष यह नहीं समझ पा रहे हैं कि ‘भारत प्रथम’ का वास्तविक अर्थ क्या है.
कांग्रेस ने भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल के आयात के संदर्भ में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक वक्तव्य को लेकर बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ट्रंप से डरे हुए हैं तथा उन्होंने अपने प्रमुख निर्णय अमेरिका को ”आउटसोर्स” कर दिए हैं.
ट्रंप ने दावा किया है कि उनके ”मित्र” प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से कच्चा तेल नहीं खरीदेगा.
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”राहुल गांधी, आपके परिवार और आपकी पार्टी के इतिहास को देखते हुए, इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि आप ‘भारत प्रथम’ का असली मतलब नहीं समझ पा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”अगर प्रधानमंत्री मोदी डोनाल्ड ट्रंप से डरते, तो ट्रंप उनका ध्यान खींचने के लिए हर कुछ दिनों में सार्वजनिक रूप से ‘मोदी एक महान व्यक्ति हैं’ नहीं कहते.” भाजपा नेता ने कहा, ”आप भी अपने परिवार की तरह यही मानते हैं कि हर प्रधानमंत्री विदेशी ताकतों को खुश करने के लिए भारत के हितों से समझौता करता है. लेकिन जाग जाइए, यह मोदी का भारत है, राजीव गांधी का नहीं. भारत के हितों के साथ कभी समझौता नहीं किया जा सकता.”
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपने हितों से ”न ही कभी समझौता किया है और न कभी करेगा” और विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट कर दिया है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 50 प्रतिशत अमेरिकी शुल्क ”सौ प्रतिशत प्रमाण” है कि न तो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर और न ही रूसी तेल खरीदने के मुद्दे पर भारत ने ”किसी और को अपनी शर्तें थोपने” की अनुमति दी. भाजपा प्रवक्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ”राहुल गांधी, आपका परिवार देशद्रोही है.”



