बिहार में राजग को 140 से अधिक सीटें मिलीं तो यह मतदाता सूची, ईवीएम में ‘हेरफेर’ होगा : दिग्विजय

भोपाल. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में मुकाबला बराबरी का था और यदि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 140 से अधिक सीटें मिलती हैं तो यह मतदाता सूची और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में ‘हेरफेर’ का कमाल होगा.

राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान बिहार का दौरा किया था और उन्हें बराबर की लड़ाई मैदान में दिखी.
यहां अपने आवास पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, “एग्जिट पोल पर मैं भरोसा नहीं करता. लेकिन एक बात मैं जानता हूं. क्योंकि जब मैं बिहार गया था मुझे कहीं नहीं लग रहा था कि चुनाव एकतरफा है. बराबर की लड़ाई थी.” उन्होंने कहा कि चर्चा यह भी थी कि प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज और असद्दुदीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) दोनों प्रमुख गठबंधनों में किसे और कितना नुकसान पहुंचाते हैं.

सिंह ने कहा, “कुछ एग्जिट पोल तो राजग को 180 तो कुछ 160 सीट जीतने का अनुमान जता रहे हैं. मेरा यह मत है कि अगर 140 से ज्यादा सीट राजग जीतता है तो यह मतदाता सूची और ईवीएम में हेरफेर का कमाल होगा.” बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए मंगलवार को दो चरणों में मतदान संपन्न हुआ. नतीजे 14 नवंबर को आएंगे. अब तक हालांकि जितने भी एग्जिट पोल के अनुमान सामने आए हैं, लगभग सभी ने राजग को ब­ढ़त दिखाई है जबकि महागठबंधन को बड़ा झटका लगने की संभावना जताई है. इन एग्जिट पोल में राजग को कम से कम 130 और अधिक से अधिक 167 सीट मिलने का अनुमान जताया है.

यदि असल नतीजे भी चुनाव बाद आए इन सर्वेक्षणों के आंकड़ों की तरह रहते हैं तो एक बार फिर राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वामपंथी दल और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के ‘महागठबंधन’ के लिए सत्ता दूर की कौड़ी साबित होगी. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राजग में जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तान अवामी मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) शामिल हैं.

भाजपा ने मतदाता सूची और ईवीएम में हेरफेर के संबंध में दी गई टिप्पणी के लिए दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लिया और सवाल किया कि तो क्या राहुल गांधी ने भी इसी तरीके से पिछले लोकसभा चुनाव में वायनाड और रायबरेली से चुनाव जीता था. मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता जानते हैं कि एग्जिट पोल सही हैं और बिहार चुनाव के परिणाम राजग के पक्ष में आएंगे. उन्होंने कहा, “दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के नेता यथार्थ भूल रहे हैं. जनता से उनका कोई जुड़ाव नहीं है, हर जगह कांग्रेस की बद से बदतर स्थिति हो रही है.” सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह ‘हताशा’ में ऐसे बयान दे रहे हैं और सही मायने में बिहार में एग्जिट पोल सही साबित होंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button