जब मंदिर बा­ढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं तो अन्य धर्मों के प्रार्थना स्थान क्यों नहीं : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Sep 2025 08:54 PM
जब मंदिर बा­ढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं तो अन्य धर्मों के प्रार्थना स्थान क्यों नहीं : भाजपा
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने मंगलवार को कहा कि राज्य में बा­ढ़ पीड़ितों की मदद के लिए विभिन्न मंदिर आगे आए हैं, और प्रश्न किया कि अन्य धार्मिक समुदायों के पूजा स्थलों ने ऐसा सहयोग क्यों नहीं किया. उपाध्ये ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि यह हिंदू या मुस्लिम का मुद्दा नहीं है, बल्कि संवेदनशीलता का मुद्दा है.

उन्होंने कहा कि राज्य अत्यधिक बारिश और बा­ढ़ से ग्रस्त है, लाखों परिवार संकट में हैं और सैकड़ों लोग इस आपदा से तबाह हो गए हैं.
उपाध्ये ने कहा कि ऐसे कठिन समय में, कई हिंदू मंदिरों ने राज्य सरकार के साथ-साथ सीधे प्रभावित लोगों को बड़े पैमाने पर और पारदर्शी तरीके से सहायता प्रदान करके एक मिसाल कायम की है.

उन्होंने कहा, “राज्य में अन्य धर्मों के पूजा स्थल – दरगाह और मस्जिद – क्यों पीछे हैं? भले ही उनके प्रशासन के पास करोड़ों रुपये की धनराशि है, फिर भी मदद की कोई ठोस घोषणा क्यों नहीं की गई, धनराशि के बारे में कोई पारदर्शी जानकारी क्यों नहीं दी गई और बा­ढ़ पीड़ितों को कोई राहत क्यों नहीं दी गई? सवाल हिंदू या मुसलमान का नहीं है, सवाल संवेदनशीलता का है.” भाजपा नेता ने विशेष रूप से तुलजाभवानी मंदिर, शेगांव गजानन महाराज संस्थान और सिद्धि विनायक मंदिर का हवाला देते हुए कहा कि इन मंदिरों ने सामूहिक रूप से पारदर्शी तरीके से सरकार को करोड़ों रुपये की सहायता भेजी है.

उन्होंने कहा कि कई मंदिरों, ट्रस्टों और सार्वजनिक संगठनों ने अपनी क्षमता के अनुसार संकटग्रस्त लोगों तक भोजन, धन और आवश्यक वस्तुएं पहुंचाईं, जिससे मानवता की भावना का प्रदर्शन हुआ. राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए उपाध्याय ने कहा कि जो नेता और विचारक कभी “हिंदुत्व का फर्जी मुखौटा पहनते हैं” और कभी “गंगा-जमुनी संस्कृति” के प्रति प्रेम का दावा करते हैं, जबकि मंदिरों का मजाक उड़ाते हैं और हिंदुओं की आलोचना करते हैं, उन्हें स्वयं इन सवालों पर विचार करना चाहिए. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में, जिनमें आमतौर पर सूखाग्रस्त रहने वाला मराठवाड़ा क्षेत्र भी शामिल है, हाल में भारी बारिश और बा­ढ़ आई, जिससे व्यापक क्षति हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu