कबीरधाम में छह महिला पंचों की जगह उनके पतियों ने शपथ ली, जांच के आदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Mar 2025 08:08 PM
कबीरधाम में छह महिला पंचों की जगह उनके पतियों ने शपथ ली, जांच के आदेश
ऑडियो सुनें

कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के एक गांव में नवनिर्वाचित छह महिला पंचों के पतियों ने उनकी जगह कथित तौर पर पद की शपथ ली, जिसके बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. कथित घटना सोमवार को पंडरिया विकासखंड के परसवारा ग्राम पंचायत में हुई.

कबीरधाम जिला पंचायत के सीईओ अजय त्रिपाठी ने बताया कि परसवारा गांव में पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पंडरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. त्रिपाठी ने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि जिले में हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण सोमवार को उनके संबंधित क्षेत्रों में पहली बैठक के दौरान हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, परसरवारा ग्राम पंचायत में चुने गए 11 वार्ड पंचों में छह महिलाएं शामिल हैं, जबकि सरपंच पुरुष है.

पंचायत सचिव ने इन छह महिला पंचों की जगह उनके पतियों और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद की शपथ दिलाई. वीडियो में सभी पुरुष सदस्यों को शपथ लेते देखा जा सकता है. कुछ स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना को महिला सशक्तिकरण का मजाक करार दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

उन्होंने कहा कि अगर मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो यह गलत उदाहरण पेश करेगा और इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भावना बोहरा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu