देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है ‘इंडिया’ गठबंधन : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Oct 2023 07:33 PM
देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है ‘इंडिया’ गठबंधन : राहुल गांधी

ऑडियो सुनें

आइजोल/लुंगलेई. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देश के 60 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी अधिक है. गांधी ने आरोप लगाया कि मिजोरम की दोनों प्रमुख पार्टियां मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) और विपक्षी ज.ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) का इस्तेमाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ईसाई बहुल राज्य में पैर जमाने के लिए कर रही है.

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस मिजोरम में सत्ता में आती है तो बुजुर्गों को दो हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, 750 रुपये में गैस सिलेंडर और उद्यमियों को समर्थन देगी. मिजोरम में सात नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं. पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए चुनावी राज्य मिजोरम की यात्रा के दौरान राजधानी आइजोल में राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और धर्म या संस्कृति से परे लोगों की खुद को अभिव्यक्त करने और सद्भाव से रहने की स्वतंत्रता को संरक्षित कर ”भारत की अवधारणा” की रक्षा करेगा.

उन्होंने गैर-भाजपा शासित राज्यों का जिक्र करते हुए कहा, ”यह महसूस करना महत्वपूर्ण है कि हम (इंडिया गठबंधन) देश के 60 प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो कि भाजपा से कहीं अधिक है.” भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, ”हमारे देश के लिए उनका दृष्टिकोण हमसे अलग है. हम विकेंद्रीकरण में विश्वास करते हैं जबकि भाजपा का मानना है कि सभी निर्णय दिल्ली में लिए जाने चाहिए.” उन्होंने दावा कि कांग्रेस मिजोरम, छत्तीसगढ., मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव जीतेगी.

राहुल ने कहा, ”हम मध्य प्रदेश में भाजपा को समेट देंगे. हमने छत्तीसगढ. में उनको हराया और दोबारा हराएंगे. पिछले चुनावों में राजस्थान में भाजपा को हराया था और यहां भी जीत दोहराएंगे. हम पूर्वोत्तर में भी ऐसा ही करेंगे. किसी को भी कांग्रेस को कम नहीं आंकना चाहिए.” उन्होंने भाजपा पर देश के संपूर्ण संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की नींव स्थापित करने में मदद की है और इस पुरानी पार्टी का उस नींव की रक्षा करने का इतिहास रहा है.

उन्होंने कहा, ”पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य भाजपा और आरएसएस के हमलों का सामना कर रहे हैं, यह आपकी भाषाओं और धार्मिक आस्थाओं की बुनियाद के लिए खतरा है. आरएसएस का मानना है कि भारत को एक ही विचारधारा और संगठन द्वारा शासित किया जाना चाहिए, जिसका हम विरोध कर रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा, ”हम चाहते हैं कि मिजोरम के लोग अपने भविष्य को लेकर सही निर्णय लें और वे खुद को, अपनी धार्मिक या सामाजिक प्रथाओं को व्यक्त करने में सहज महसूस करें. हम नहीं मानते कि मिजोरम पर दिल्ली से शासन किया जाना चाहिए. हम राज्य के लोगों को सत्ता सौंपने में विश्वास करते हैं.”

भाजपा पर मिजोरम में पैर जमाने के लिए एमएनएफ और जेडपीएम को इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मिजोरम की अवधारणा और स्थानीय निवासियों की स्वतंत्रता, परंपरा और धर्म की रक्षा करने की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि जहां एक ओर एमएनएफ सीधे तौर पर भाजपा से जुड़ी हुई वहीं यह भी स्पष्ट कि जेडपीएम केंद्र में सत्तारूढ. दल से मुकाबाल नहीं कर रही है.

राहुल ने यह दावा किया, ”मिजोरम में कांग्रेस सरकार बनाएगी. राज्य के लोग सब समझते हैं कि क्या हो रहा है… चुनाव में असली सवाल यही है कि क्या आरएसएस मिजोरम को शासन करने जा रहा है या नहीं. एमएनएफ या जेडपीएम के जरिये ऐसा किया जा सकता है.” राहुल ने कहा कि मिजोरम में मादक पदार्थ की समस्या के पीछे बेरोजगारी प्रमुख कारणों में से एक है और अगर कांग्रेस राज्य में सत्ता में आती है तो युवाओं को रोजगार प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करेगी. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में सत्ता में आती है तो वह पार्टी शासित राज्यों में सफलतापूर्वक चल रही योजनाओं को देशभर में लागू करेगी.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस किसी भी विचार को एक परीक्षण के तौर पर शुरू करने में विश्वास रखती है और यदि वह काम करता है तो हम इसे बड़े स्तर और देश के बाकी हिस्सों तक लेकर जाएंगे. जब हम दिल्ली में सत्ता में आएंगे तो हम राजस्थान की स्वास्थ्य देखभाल नीतियों, कर्नाटक के सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम और छत्तीसगढ. की उद्यमिता समर्थन योजना की अच्छी बातों को शामिल करेंगे और देशव्यापी नीतियों को लागू करेंगे.” गांधी ने कहा कि चूंकि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग क्षेत्र में नौकरियों के सबसे अधिक अवसर पैदा होते हैं ऐसे में इस क्षेत्र पर अधिक ध्यान दिया जाएगा.

मणिपुर हिंसा पर उन्होंने कहा कि ”भाजपा द्वारा फैलाई गई नफरत” को दूर करना होगा और दोनों समुदायों के मतभेद को खत्म करना होगा. बाद में, लुंगलेई में एक रैली में राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर तंज किया और कहा, ”मुझे आपको अपने ‘मन की बात’ बताने में कम, आपके ‘मन की बात’ जानने में ज्यादा दिलचस्पी है. इसलिए जब भी आपको किसी भी चीज में मेरी मदद की जरूरत होगी, मैं आपके लिए उपलब्ध हूं. दिल्ली में मुझे अपना साथी और अपना सिपाही समझो.” चालीस सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए सात नवंबर को मतदान होना है और तीन दिसंबर को मतगणना की जाएगी.

राहुल गांधी ने आइजोल में की स्कूटर टैक्सी की सवारी, यातायात संबंधी अनुशासन की सराहना की
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मिजोरम की राजधानी आइजोल में एक स्कूटर टैक्सी पर सवारी की और शहर में यातायात संबंधी अनुशासन की सराहना की. मिजोरम के दो दिवसीय चुनावी दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला से जरकावत क्षेत्र में उनके आवास पर मुलाकात की.

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख लालरेमरूता रेंथली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ललथनहवला के आवास से लौटते समय राहुल गांधी ने दोपहिया वाहन वाली टैक्सी ली और स्कूटर पर पीछे बैठे. उनके मुताबिक, कांग्रेस नेता ने राज्य के यातायात संबंधी अनुशासन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि ‘एक-दूसरे का सम्मान करने की इस संस्कृति से बहुत कुछ सीखने को मिलता है.’ मिजोरम के यातायात अनुशासन की पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द सहित कई प्रतिष्ठित लोगों ने अतीत में सराहना की है. इस यातायात अनुशासन ने आइजोल को भारत के ‘साइलेंट सिटी’ या ‘नो हॉन्किंग सिटी’ का खिताब दिलाया है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 मंत्रिपरिषद के नए फैसले : अतिथि व्याख्याता नीति में बदलाव, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को प्राथमिकता, अग्निवीर सैनिकों को सिविल सेवा पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण, सीएम साय के नेतृत्व में हुई बैठक
  2. 2 Flight or Fight : फ्लाइट के पायलट आपस में भिड़े, कॉकपिट में चले चाकू, दो घायल, 180 यात्री थे सवार, चीख-पुकार वाला वीडियो फोटो वायरल
  3. 3 Asian Games : छा गया छत्तीसगढ़.. भारत को दिए दो पदक, कोरबा की संजू देवी, अंबिकापुर के अनिमेष ने बढ़ाया मान, देखिए वीडियो
  4. 4 Flight or Fight : विमान अपहरण की आशंका खत्म..दुबई से तेल अवीव जा रहा विमान सुरक्षित लैंड, दोनों पायलट हिरासत में, इजरायल ने भेज दिए थे फाइटर जेट्स
By Yogesh Kumar Sahu