भारत की नजरें बांग्लादेश का 3-0 से सूपड़ा साफ करने पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Jul 2023 08:30 PM
भारत की नजरें बांग्लादेश का 3-0 से सूपड़ा साफ करने पर
ऑडियो सुनें

मीरपुर. भारतीय महिला क्रिकेट टीम बल्लेबाजी की कमजोरियों से पार पाते हुए बांग्लादेश के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां तीसरे और आखिरी टी20 मैच के लिये उतरेगी तो उसकी नजरें श्रृंखला 3 . 0 से जीतने पर रहेंगी. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले दो मैच आसानी से जीते . दूसरे मैच में हालांकि भारत की बल्लेबाजी निराशाजनक रही जब 20 ओवर में टीम आठ विकेट पर 95 रन ही बना सकी . भारतीय गेंदबाजों ने हालांकि बल्लेबाजों की नाकामी की भरपाई करते हुए बांग्लादेश को 87 रन पर ही समेट दिया था .

दो मैचों में नाकाम रहने के बाद एक बार फिर सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा पर सभी की नजरें होंगी . पिछले मैच में उन्होंने 14 गेंद में 19 रन बनाये. वह अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रही लेकिन उनका यह स्कोर भारतीय पारी में सर्वोच्च स्कोर था. शेफाली को अपनी क्षमता और लोगों की अपेक्षाओं का अहसास है . उनके पास 16 जुलाई से शुरू हो रही वनडे श्रृंखला से पहले फॉर्म में लौटने का एक और मौका है .

जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, यस्तिका भाटिया बाउंड्री के लिए गेंदबाजों की गति पर निर्भर करती हैं लेकिन बांग्लादेश की स्पिनरों के खिलाफ उन्हें परेशानी हुई. हरलीन ने 28.57 के बेहद खराब स्ट्राइक रेट से रन बनाए जबकि जेमिमा ने 21 गेंद में आठ रन की पारी खेली जो आधुनिक क्रिकेट के हिसाब से उपयुक्त नहीं है. उपकप्तान स्मृति मंधाना को भी बड़ी पारी का इंतजार है . भारतीय सलामी बल्लेबाज टीम को अच्छी शुरूआत देने में नाकाम रहे हैं और अब उनके पास अपनी गलतियों में सुधार करने का एक और मौका है .

पहले मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद दूसरे मैच में खाता भी नहीं खोल सकी कप्तान हरमनप्रीत फिर लय में आने की कोशिश में होंगी .
भारतीय गेंदबाजों दीप्ति शर्मा, मीनू मनी और शेफाली ने दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया . मेजबान टीम के बल्लेबाज भी बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे . उसके गेंदबाजों ने हालांकि अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिये उन्हें एक ईकाई के रूप में अच्छा खेलना होगा .

टीमें :
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरलीन देओल, देविका वैद्य, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, एस मेघना, पूजा वस्त्राकर, मेघना सिंह , अंजलि सरवनी, मोनिका पटेल, राशि कनौजिया, अनुषा बारेड्डी, मीनू मणि. बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान, विकेटकीपर), नाहिदा अख्तर, दिलारा अख्तर, शाथी रानी, शमीमा सुल्ताना, शोभना मोस्तरी, मुर्शिदा खातून, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, दिशा बिस्वास, मारुफा अख्तर, संजीदा अख्तर मेघला, राबिया खान, सुल्ताना खातून, सलमा खातून, फाहिमा खातून.
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ. बजे शुरू होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu