अनुसंधान में अरबों डॉलर का निवेश कर रहा भारत: प्रधानमंत्री मोदी

मुंबई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत अनुसंधान में अरबों डॉलर का निवेश कर रहा है और देश अंतरराष्ट्रीय सहयोग की शक्ति में विश्वास करता है. मुंबई में खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि भारत में परंपरा और नवाचार का मेल है.

मोदी ने कहा, ”भारत के पास दुनिया की सबसे ऊंची खगोलीय वेधशालाओं में से एक लद्दाख में स्थित है. तारों पर अध्ययन करने के लिए यह वेधशाला समुद्र तल से 4,500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”भारत अंतरराष्ट्रीय सहयोग की शक्ति में विश्वास करता है.” विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर मोदी ने कहा, ”हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक उतरने वाले पहले देश थे.” खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड (आईओएए) माध्यमिक विद्यालय के छात्रों के लिए खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी में एक वार्षिक प्रतियोगिता है.

18वां आईओएए 11 से 21 अगस्त तक मुंबई में आयोजित किया जा रहा है. यह कार्यक्रम होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित किया जा रहा है. यह टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च, मुंबई का एक राष्ट्रीय केंद्र है जो परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान होने के साथ-साथ एक डीम्ड विश्वविद्यालय भी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button