
दुबई/मुंबई. विजेता ट्रॉफी अभी विजेताओं तक नहीं पहुंची जबकि एशिया कप के सबसे कटु फाइनल के एक दिन बाद राजनीति ही एकमात्र चर्चा का विषय बन गई. फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच मैदान के बाहर की कटुता के बारे में था जिसने क्रिकेट और इसकी प्रसिद्ध खेल भावना को दरकिनार कर दिया.
सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने जबरदस्त धैर्य दिखाते हुए रोमांचक फाइनल में पांच विकेट से जीत हासिल की और पिछले एक पखवाड़े में अजेय रहते हुए नौवीं बार खिताब जीता. लेकिन यह उपलब्धि वह चीज नहीं थी जिसने चर्चा को प्रभावित किया. हालांकि इस जीत के लिए टीम को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) से 21 करोड़ रुपये की भारी-भरकम पुरस्कार राशि मिली.
चर्चा का विषय इस पूरे मामले की राजनीति थी क्योंकि एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के प्रमुख मोहसिन नकवी भारतीय टीम द्वारा ट्रॉफी लेने से इनकार करने के बाद ट्रॉफी लेकर चले गए. नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख और अपने देश के गृह मंत्री भी हैं. कारण? उनकी भारत विरोधी टिप्पणियां और इस साल की शुरुआत में पहलगाम में पाकिस्तान सर्मिथत आतंकवादियों द्वारा 26 भारतीयों की गोली मारकर हत्या के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ता राजनीतिक तनाव.
भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के साथ जवाबी कार्रवाई की थी और नकवी उन पाकिस्तानियों में शामिल थे जिन्होंने इस कार्रवाई का मजाक उड़ाया था क्योंकि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान टीम के प्रति ‘हाथ नहीं मिलाने की नीति’ का पालन किया.
महाद्वीपीय प्रतियोगिता में लगातार सात मैच जीतने के बावजूद सबसे बड़े इनाम से वंचित रहने के बाद सूर्यकुमार ने कहा, ”मुझे लगता है कि जब से मैंने क्रिकेट खेलना और उसका अनुसरण करना शुरू किया है तब से मैंने कभी ऐसा नहीं देखा कि एक चैंपियन टीम को ट्रॉफी से वंचित कर दिया जाए. वह भी कड़ी मेहनत से हासिल की गई ट्रॉफी से. ऐसा नहीं है कि ये आसानी से मिली. यह टूर्नामेंट जीत कड़ी मेहनत से हासिल की गई थी.” रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर भारत की जीत के बाद 90 मिनट तक पूरी तरह से नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला .
भारतीय खिलाड़ी तुरंत मैदान पर आ गए थे और कुछ के साथ उनके परिवार भी थे . कप्तान सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा, मुख्य कोच गौतम गंभीर की पत्नी नताशा और बेटियां भी मैदान पर थे और सभी बहुत खुश दिख रहे थे . भारतीय टीम से 20-25 गज की दूरी पर एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी अपने साथियों के साथ खड़े थे . समझा जाता है कि बीसीसीआई ने एसीसी से कहा था कि टीम नकवी से पुरस्कार नहीं लेगी जो भारत विरोधी रवैये के लिये जाने जाते हैं .
नकवी ने कुछ दिन पहले ही एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो विमान क्रैश होने का इशारा करके गोल का जश्न मना रहे थे . नकवी का इशारा पाकिस्तान के उस दावे की ओर था कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने भारत के छह जेट गिराए थे . सूर्यकुमार ने कहा, ”हमें ऐसा करने के लिए किसी ने नहीं कहा था.” उन्होंने कहा कि नकवी के बहिष्कार का फैसला मैदान पर ही किया गया था.
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मुंबई में कहा, ”भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़ रहा है.” भारत के इनकार के बाद जब नकवी पोडियम से नीचे उतरे और निकास द्वार की ओर बढ़े तो सबको चौंकाते हुए एसीसी प्रतियोगिता स्टाफ ट्रॉफी लेकर उनके पीछे चला गया जिससे भारतीय खेमा हक्का-बक्का रह गया. पता चला है कि ट्रॉफी यहां एसीसी मुख्यालय में है.
सैकिया ने कहा कि भारतीय बोर्ड नवंबर में होने वाली आईसीसी की बैठक में नकवी के खिलाफ ‘बहुत कड़ा विरोध’ दर्ज कराएगा.
सैकिया ने कहा, ”हमने ट्रॉफी लेने से इनकार करने का फैसला किया लेकिन इससे उस व्यक्ति को ट्रॉफी और पदक अपने साथ अपने होटल ले जाने की अनुमति नहीं मिल जाती .” उन्होंने कहा ,” यह अप्रत्याशित है, बहुत बचकाना है और हम नवंबर के पहले सप्ताह में दुबई में होने वाली आगामी आईसीसी बैठक में आईसीसी के समक्ष बहुत कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे.”
नकवी ने अभी तक कल रात की घटनाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारतीय टीम को सोशल मीडिया पर दी गई बधाई पर पलटवार जरूर किया. मोदी ने इस जीत की तुलना मई में हुए सैन्य अभियान से की थी और नकवी ने कहा कि यह तुलना खेल भावना के ख.लिाफ है. पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भी भारतीय कप्तान की आलोचना करने से परहेज नहीं किया और उनके व्यवहार को खेल के प्रति अपमानजनक बताया.
मैच के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ”मैं कड़े शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, लेकिन उन्होंने बहुत अपमानजनक व्यवहार किया है.” सलमान ने कहा ,” टूर्नामेंट शुरू होने से पहले और टूर्नामेंट से पहले प्रेस कांफ्रेंस में निजी तौर पर उसने मुझसे हाथ मिलाया . इसके बाद रैफरी की सुनवाई के दौरान भी . लेकिन दुनिया और कैमरों के सामने वे हाथ नहीं मिलाते .” उन्होंने कहा,” मुझे यकीन है कि उन्हें जो निर्देश मिले हैं वह उसी का पालन कर रहे होंगे . लेकिन उसे तय करना होता तो वह मुझसे हाथ मिलाता .” ट्रॉफी साथ ले जाने से पहले पुरस्कार वितरण मंच पर खड़े होने के एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के फैसले का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को ट्रॉफी इसलिये नहीं दी गई क्योंकि वे पीसीबी प्रमुख से लेना नहीं चाहते थे .
उन्होंने कहा ,” जो कुछ भी आज हुआ वह पहले के तमाम घटनाक्रम का नतीजा था . एसीसी अध्यक्ष ही विजेता को ट्रॉफी देते हैं . अगर आप उनसे ट्रॉफी लेना नहीं चाहते तो आपको कैसे मिलेगी .” टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी की कड़ी आलोचना भी हुई थी. भारत के कुछ विपक्षी नेताओं ने इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय गौरव की बजाय राजस्व के लालच का प्रदर्शन बताया था.
भारत की जीत के बावजूद यह आलोचना कम नहीं हुई है लेकिन कप्तान सूर्यकुमार ने कुछ आहत भावनाओं को शांत करने की कोशिश की. उन्होंने घोषणा की कि वह टूर्नामेंट से मिलने वाली अपनी 28 लाख रुपये की मैच फीस भारतीय सशस्त्र बलों और पहलगाम पीड़ितों के परिवारों को दान करेंगे.
एशिया कप का फाइनल भारत, पाक खिलाड़ियों के बीच तनातनी का मुकाबला बना
भारतीय टीम एशिया कप चैंपियन बनीं लेकिन पूरे टूर्नामेंट में टीम के शानदार प्रदर्शन की जगह भारत और पाकिस्तान के बीच मैदान पर अपेक्षित सौहार्द की जगह तनातनी ने सुर्खियां बटोरी जहां दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान और इसके बाद आक्रामक रवैया दिखाया.
यह टूर्नामेंट शुरू से ही तनावपूर्ण रहा और फाइनल तक माहौल और गर्मा गया. भारत ने रविवार को रोमांचक फाइनल में पांच विकेट से जीत दर्ज की. इस टकराव की शुरुआत उस समय हुई जब भारत ने पहलगाम आतंकी हमले और भारतीय सुरक्षाबलों के समर्थन में पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया. फाइनल आते-आते यह पूरी तरह एक दूसरे के खिलाफ टकराव जैसी स्थिति में बदल गया.
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर में एक शानदार यॉर्कर से हारिस रऊफ को बोल्ड किया और इसका जश्न सुपर चार चरण में रऊफ के ‘विमान गिरने’ के इशारे की नकल कर बनाया. बुमराह के जश्न मनाने का यह तरीका तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. रऊफ ने इस हरकत से भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का मजाक उड़ाया था. भारतीय सेना ने पहलगाम में 26 पर्यटकों की हत्या के बाद पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक सैन्य अभियान चलाया था. फाइनल में रऊफ के विकेट उखाड़ने के बाद बुमराह की यह प्रतिक्रिया उसी मजाक उड़ाने की कोशिश का करारा जवाब था.
भारत ने बेहद तनावपूर्ण माहौल में खेले गये फाइनल मैच में कई बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए यादगार जीत दर्ज की. टीम ने हालांकि पाकिस्तान के गृह मंत्री और एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से विजेता ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. पुरस्कार समारोह लगभग एक घंटे की देरी से शुरू हुआ और विजेता टीम को ट्रॉफी दिये बिना खत्म हो गया. नकवी पुरस्कार समारोह के दौरान मंच से उतरने को तैयार नहीं थे और भारतीय खिलाड़ी उनके हाथों पुरस्कार नहीं लेना चाहते थे. भारतीय खिलाड़ियों ने इसके बाद सोशल मीडिया पर ट्रॉफी की ‘इमोजी’ के साथ जीत का जश्न मनाया.
मैच खत्म होने के बाद अर्शदीप सिंह, जितेश शर्मा और र्हिषत राणा ने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद की ‘सिर से पवेलियन जाने के इशारे’ जैसे जश्न की नकल की. अबरार ने संजू सैमसन को आउट करने के बाद इस तरह का इशारा किया था. वरुण चक्रवर्ती ने एक चाय के कप की तस्वीर साझा की, जो ट्रॉफी और विजेता पदक का प्रतीक था. पूरे टूर्नामेंट के दौरान दोनों टीमों के बीच तनाव साफ महसूस किया जा सकता था. भारत की ‘हाथ ना मिलाने’ की नीति पाकिस्तान के खेमे को रास नहीं आई और उन्होंने इसके लिए जिम्बाब्वे के मैच रेफरी एंडी पाइक्राफ्ट को दोषी ठहराया.
रऊफ ने सुपर चार मैच के दौरान भारतीय प्रशंसकों की ‘कोहली, कोहली’ की हूटिंग का जवाब अपशब्द और ‘गिरते विमान’ की इशारे वाली हरकत से दिया था. भारतीय प्रशंसकों ने रऊफ को कोहली के उन छक्कों को याद दिलाई जिसके दम पर भारत के इस महान बल्लेबाज ने 2022 टी20 विश्व कप में मेलबर्न में टीम को जीत दिलाई थी. रऊफ ने फाइनल में भी अभिषेक शर्मा का कैच लपकने के बाद वही इशारा दोहराया.
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हालांकि इस तनाव वाले माहौल का दोष पूरी तरह से भारतीय खेमे पर मढ.ते हुए कहा कि यह खेल के प्रति ‘अपमानजनक’ था और यह खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानने वाले युवाओं के लिए गलत उदाहरण बनेगा.
उन्होंने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ”भारत ने इस टूर्नामेंट में जो किया वह बेहद निराशाजनक है. वे हमसे हाथ न मिलाकर सिर्फ हमारा नहीं, क्रिकेट का अपमान कर रहे हैं. अच्छी टीमें ऐसा व्यवहार नहीं करतीं.”
भारतीय टीम के उनसे लेने से इनकार के बाद नकवी अपने साथ ट्रॉफी ले गए, बीसीसीआई करेगा विरोध
एक अभूतपूर्व घटनाक्रम में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप ट्रॉफी देने से इनकार कर दिया क्योंकि भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. रविवार को दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर भारत ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर एशिया कप जीता लेकिन उसके बाद 90 मिनट तक पूरी तरह से नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला .
भारतीय खिलाड़ी तुरंत मैदान पर आ गए थे और कुछ के साथ उनके परिवार भी थे . कप्तान सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा , मुख्य कोच गौतम गंभीर की पत्नी नताशा और बेटियां भी मैदान पर थे और सभी बहुत खुश दिख रहे थे . भारतीय टीम से 20 . 25 गज की दूरी पर एसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी अपने साथियों के साथ खड़े थे . समझा जाता है कि बीसीसीआई ने एसीसी से कहा था कि टीम नकवी से पुरस्कार नहीं लेगी जो भारत विरोधी रवैये के लिये जाने जाते हैं .
नकवी ने कुछ दिन पहले ही एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो विमान क्रैश होने का इशारा करके गोल का जश्न मना रहे थे . नकवी का इशारा पाकिस्तान के उस दावे की ओर था कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद आपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने भारत के छह जेट गिराये थे .
पाकिस्तान की उस मांग के पीछे भी नकवी का हाथ था कि भारतीय सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव पर आईसीसी लेवल चार का अपराध लगाये . भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था . फाइनल के बाद एक घंटे तक पाकिस्तानी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम से नहीं आये .
बीसीसीआई ने एशिया कप चैम्पियन भारतीय टीम के लिये 21 करोड़ ईनाम की घोषणा की
बीसीसीआई एशिया कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम और सहयोगी स्टाफ को टूर्नामेंट में अपराजेय प्रदर्शन पर 21 करोड़ रूपये पुरस्कार देगा. बोर्ड ने दुबई में पाकिस्तान पर एशिया कप फाइनल में जीत के बाद यह घोषणा की. बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने कहा ,” यह एक असाधारण जीत थी और इसलिए जश्न के तौर पर बीसीसीआई ने एशिया कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए 21 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है.” बोर्ड ने यह नहीं बताया कि किसको कितना पुरस्कार मिलेगा .
सैकिया ने कहा ,”वह धनराशि वितरित की जाएगी और यह हमारी टीम, भारतीय क्रिकेट बोर्ड और भारत के लोगों के लिए एक बड़ा इनाम है. हमें अपने क्रिकेटरों और सहयोगी स्टाफ के दुबई में शानदार प्रदर्शन पर बेहद गर्व है.” बोर्ड ने इससे पहले अपने विभिन्न सोशल मीडिया पेज पर पाकिस्तान पर जीत की हैट्रिक का जिक्र करते हुए लिखा ,” तीन झटके, शून्य जवाब . एशिया कप चैम्पियन . संदेश दे दिया गया . टीम और सहयोगी स्टाफ को 21 करोड़ रूपये पुरस्कार .” बोर्ड उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पोस्ट किया ,” एशिया में अपराजेय चैम्पियन . टीम इंडिया को जीत और पाकिस्तान के खिलाफ 3 . 0 की बधाई . तिलक वर्मा और कुलदीप यादव का शानदार प्रदर्शन . दबाव के बीच बेहतरीन प्रदर्शन .”



