भारत फीफा रैंकिंग में 124वें स्थान पर, अर्जेंटीना ने शीर्ष स्थान मजबूत किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Jul 2024 08:46 PM
भारत फीफा रैंकिंग में 124वें स्थान पर, अर्जेंटीना ने शीर्ष स्थान मजबूत किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय फुटबॉल टीम गुरुवार को जारी फीफा पुरुष रैंकिंग में 124वें स्थान पर बरकरार है जबकि मौजूदा विश्व चैम्पियन और कोपा अमेरिका विजेता अर्जेंटीना ने अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया. जून में जारी फीफा रैंकिंग में भारतीय पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम सूची में तीन पायदान खिसक गई थी. ऐसा उसके कतर और अफगानिस्तान से 2026 विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे दौर के लिए क्वालीफाई करने में विफल होने के कारण हुआ था.

पिछले साल दिसंबर से भारत का रैंकिंग में खिसकना जारी है. भारतीय टीम पिछले साल शीर्ष 100 में पहुंची थी जिसमें उसकी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 99 रही थी. लेकिन इसके बाद से उसका खिसकना जारी है. एशिया में भारत 22वें स्थान पर बरकरार है जिसमें वह लेबनान, फलस्तीन और वियतनाम से पीछे है. अर्जेंटीना ने सफलतापूर्वक कोपा अमेरिका खिताब बरकरार रखने के बाद रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पकड़ मजबूत कर ली है. फ्रांस (दूसरी रैंकिंग) यूरो 2024 के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद दूसरे स्थान पर है.

हाल में यूरोपीय चैम्पियन बनी स्पेन पांच पायदान के फायदे से तीसरी रैंकिंग पर पहुंची. वहीं उससे हारने वाली इंग्लैंड एक पायदान ऊपर चौथे स्थान पर पहुंच गयी और उसने ब्राजील को पछाड़ दिया जो एक पायदान खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंची. बेल्जियम रैंकिंग में छठे, नीदरलैंड सातवें, पुर्तगाल आठवें और कोलंबिया नौंवे स्थान पर काबिज हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu