
बैंकॉक. भारतीय मुक्केबाज आशीष भंडोर ने यहां प्रबल दावेदार एकाफोब औरेवान को 5-1 से हराकर एशियाई मुक्केबाजी महासंघ (एबीएफ) महाद्वीपीय हेवीवेट खिताब अपने नाम किया. आशीष ने 10 दौर में यह प्रतिस्पर्धी मुकाबला जीता. जज के स्कोर 93:96, 95:96, और 95:94 से इस मुकाबले की आक्रामकता साफ झलकती है जिसमें आशीष ने विभाजित फैसले के बाद खिताब जीता.
पहले दौर में ही दोनों के बीच चुनौतीपूर्ण संघर्ष साफ दिखा जिसमें आशीष ने जानदार मुक्के से एकाफोब ‘ऑफ गार्ड’ हो गये. रैफरी ने अनिवार्य ‘नॉकडाउन काउंट’ दिया और तेजी से मैच समाप्त करने की उम्मीद कर रहे आशीष बचे हुए सेंकेंड में ‘फ्रंट फुट’ पर रहे. एकाफोब ने हालांकि गजब का जज्बा दिखाते हुए अगले दौर में मजबूत वापसी की और दमदार मुक्कों से आशीष पर दबदबा बनाया. उन्होंने दूसरा और तीसरा दौर जीता.
चौथे दौर के बाद आशीष ने नियंत्रण बनाया और अपने कौशल का नमूना पेश करते हुए कुल 10 में से छह दौर जीत लिये. इस शानदार जीत से पहले आशीष ने 2022 में राष्ट्रीय एमेच्योर प्रतियोगिता का कांस्य पदक जीता था. पेशेवर मुक्केबाजी में अभी तक उनका रिकॉर्ड चार जीत का है और उन्हें अभी तक हार का सामना नहीं करना पड़ा है.



