लाहौर. सतलुज नदी के बाढ़ के पानी के साथ बहकर पाकिस्तान पहुंचे एक बधिर भारतीय नागरिक को खुफिया एजेंसी को सौंप दिया गया है. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. ‘रेस्क्यू 1122’ के एक प्रवक्ता ने यहां कहा, ”50 वर्षीय भारतीय नागरिक बधिर है और ईशारों में वह बातचीत करता है. उसने कहा कि वह एक हिंदू है और बाढ़ का पानी उसे बहाकर यहां ले आया है.”
प्रवक्ता ने बताया कि यहां से लगभग 70 किलोमीटर दूर पंजाब प्रांत के कसूर जिले के गंडा सिंह वाला इलाके के पास सतलुज के बाढ़ के पानी के साथ बहकर मंगलवार को वह व्यक्ति पाकिस्तान पहुंच गया. मेडिकल जांच के बाद भारतीय नागरिक को जांच के लिए खुफिया एजेंसी को सौंप दिया गया है. डॉन अखबार की एक रिपोर्ट के अनुसार, व्यक्ति के दाहिने हाथ पर हिंदी में कुछ गुदा हुआ है. इसमें कहा गया कि उस व्यक्ति का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.