भारतीय फुटबॉल टीम 2018 के बाद पहली बार फीफा रैंकिंग में शीर्ष 99 में पहुंची

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Jul 2023 08:37 PM
भारतीय फुटबॉल टीम 2018 के बाद पहली बार फीफा रैंकिंग में शीर्ष 99 में पहुंची
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने गुरुवार को 2018 के बाद पहली बार फीफा रैंकिंग में शीर्ष 99 में प्रवेश किया. टीम सैफ चैम्पियनशिप खिताब की बदौलत एक पायदान के फायदे से 99वें स्थान पर पहुंच गई. भारत ने इस महीने के शुरु में बेंगलुरु में हुई सैफ चैम्पियनशिप में लेबनान और कुवैत पर क्रमश: सेमीफाइनल और फाइनल में पेनल्टी शूटआउट से जीत दर्ज की.

लेबनान को भी दो पायदान का फायदा हुआ जिससे वह भारत से बिलकुल नीचे 100वें स्थान पर मौजूद है जबकि कुवैत चार पायदान की छलांग से गुरुवार को जारी ताजा फीफा रैंकिंग में 137वें स्थान पर पहुंच गया. पश्चिम एशियाई देश लेबनान और कुवैत को सैफ चैम्पियनशिप के लिए आमंत्रित किया गया था ताकि टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा का स्तर मजबूत रहे. भारत के अब 1208.69 अंक हो गये हैं.

भारत की सर्वश्रेष्ठ फीफा रैंकिंग 94 रही है जो टीम ने 1996 में हासिल की थी. टीम 1993 में भी 99वें स्थान पर पहुंची थी जबकि 2017 और 2018 में 96वां स्थान हासिल करने में सफल रही थी. पिछले महीने टीम 100वें स्थान पर थी. विश्व चैम्पियन अर्जेंटीना की शीर्ष पर बादशाहत कायम है जिसके बाद फ्रांस, ब्राजील, इंग्लैंड और बेल्जियम की टीम मौजूद हैं. एशिया में जापान 20वें स्थान से शीर्ष पर है जबकि ईरान (22वीं रैंकिंग), आस्ट्रेलिया (27), कोरिया (28) और सऊदी अरब (54) शीर्ष पांच में शामिल अन्य टीम हैं.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu