भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Aug 2023 07:29 PM
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराया
ऑडियो सुनें

डसेलडोर्फ. भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चार देशों के टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 2-1 से हराया. भारत के लिए अन्नू (21वें मिनट) और साक्षी राणा (47वें मिनट) ने एक-एक गोल किया. स्पेन के लिए लीमा टेरेसा (23वें) ने टीम का इकलौता गोल दागा.

मैच के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों की कोशिश लय हासिल कर दबदबा बनाने की थी. भारतीय टीम ने हालांकि इस दौरान ज्यादा आक्रमण करने पर ध्यान दिया लेकिन स्पेन की रक्षापंक्ति ने उसे गोल करने का मौका नहीं दिया. पहला क्वार्टर गोल रहित रहने के बाद दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने खेल की गति को बढ़ाने पर ध्यान दिया. भारतीय टीम ने इस दौरान बढ़त लेने के लिए पूरा जोर लगाया और उसे इसका फायदा भी मिला.

अन्नू ने 21वें मिनट में मैदानी गोल कर टीम का खाता खोला. भारतीय टीम की यह बढ़त हालांकि ज्यादा देर बरकरार नहीं रहीं और दो मिनट के बाद ही टेरेसा के मैदानी गोल से स्कोर 1-1 से बराबर हो गया. मैच के तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीम की रक्षापंक्ति ने शानदार खेल दिखाया और दूसरी टीम को बढ़त लेने से रोके रखा. भारत ने मैच के आखिरी क्वार्टर में पूरा दमखम झोंक दिया और टीम को इसका फायदा साक्षी के गोल के रूप में मिला. साक्षी ने मैच के 47वें मिनट में मैदानी गोल किया. एक गोल से पिछड़ने के बाद स्पेन ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय टीम उन्हें रोकने में सफल रही.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu