शांति कार्यकर्ताओं बैरेनबोइम और अव्वाद को दिया गया इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 19 Nov 2024 10:49 PM
शांति कार्यकर्ताओं बैरेनबोइम और अव्वाद को दिया गया इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. इजराइल-फलस्तीन संघर्ष के अहिंसक समाधान की दिशा में प्रयासों के लिए डेनियल बैरेनबोइम और अली अबू अव्वाद को मंगलवार को इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार कांग्रेस से जुड़ी संस्था “इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट ” द्वारा प्रदान किया जाता है.

डेनियल अर्जेंटीना में जन्मे शास्त्रीय पियानोवादक और संगीत संयोजक हैं, जबकि अव्वाद एक फलस्तीनी शांति कार्यकर्ता हैं, जो पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए फलस्तीन और इजराइल के लोगों के साथ अथक प्रयास कर रहे हैं.
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बैरेनबोइम और अव्वाद ने संगीत, संवाद व लोगों की भागीदारी के अहिंसक साधनों के माध्यम से इजरायल और फलस्तीन के लोगों के बीच सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए अपना जीवन सर्मिपत कर दिया है. पुरस्कार विजेताओं का चयन पूर्व प्रधान न्यायाधीश टी.एस. ठाकुर की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल द्वारा किया गया.

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित पुरस्कार समारोह में इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व उपराष्ट्रपति एम हामिद अंसारी, निर्णायक मंडल के मौजूदा अध्यक्ष शिवशंकर मेनन, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी.एस.ठाकुर और अन्य शामिल हुए.

विज्ञप्ति के अनुसार इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार ग्रहण करते अली अबू अव्वाद ने कहा कि उन्होंने जेल में रहते हुए अहिंसा की शक्ति के बारे में सीखा. अव्वाद के अनुसार, उन्होंने महात्मा गांधी एवं जवाहरलाल नेहरू के बारे में बहुत पढ़ा है और दोनों भारतीय नेता उन्हें प्रेरित करते हैं. अव्वाद ने कहा कि इनसे उन्होंने सीखा कि ”एक-दूसरे को पहचानने और एक-दूसरे की रक्षा करने की हमारी क्षमता ही हमें मनुष्य बनाती है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu