धर्मशाला में ‘ब्लैकआउट’ के कारण आईपीएल मैच रद्द, आईपीएल जारी रहने पर संदेह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 10:49 PM
धर्मशाला में ‘ब्लैकआउट’ के कारण आईपीएल मैच रद्द, आईपीएल जारी रहने पर संदेह
ऑडियो सुनें

धर्मशाला. पड़ोसी शहर जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के बाद बृहस्पतिवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल मैच बीच में ही रद्द कर दिया गया जिससे भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष के कारण पूरी लीग के रद्द होने का खतरा पैदा हो गया.

पंजाब की टीम 10.1 ओवर में एक विकेट पर 122 रन बना चुकी थी जब लाइटें चली गईं लेकिन इसका कारण पहले ‘फ्लडलाइट’ की खराबी बताया गया था. बारिश के कारण खेल निर्धारित समय से देरी से शुरू हुआ था. आखिरकार टीमों और दर्शकों को उनकी सुरक्षा के लिए स्टेडियम से बाहर निकाला गया. यहां के खूबसूरत मैदान की क्षमता लगभग 23,000 है और खाली कराए जाने के समय यह लगभग 80 प्रतिशत भरा हुआ था.

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ”दर्शकों में कोई घबराहट नहीं थी. उन्हें (दर्शकों और खिलाड़ियों को) बहुत सावधानी से और सुरक्षित रूप से स्टेडियम से बाहर ले जाया गया. ” प्रभसिमरन सिंह 28 गेंद पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे जबकि उनके सलामी जोड़ीदार प्रियांश आर्य 34 गेंद पर 70 रन बनाकर तेज गेंदबाज टी नटराजन की गेंद पर आउट हुए थे, जिसके तुरंत बाद खेल रोकना पड़ा.

आज रात के मैच के रद्द होने के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि लीग आगे जारी रहेगी या नहीं. यह भी पता चला है कि लीग में भाग लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों द्वारा उठाई गई सुरक्षा चिंताओं के बीच बीसीसीआई की बैठक अभी चल रही है. भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ शामिल हैं. ये हमले 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के जवाब में किए गए जिसमें 26 लोग मारे गए थे. बृहस्पतिवार को हवाई हमले की चेतावनी और जम्मू में विस्फोट जैसी आवाजों की खबरों के बीच पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ समेत कई जिलों में ‘ब्लैकआउट’ कर दिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu