
लखनऊ/गुवाहाटी/संभल. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पाकिस्तान से कांग्रेस के समर्थन में कथित तौर पर उठी आवाज को लेकर राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि ‘कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ’ है.
यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि नरेन्द्र मोदी और भाजपा जीतते हैं तो देश में दीपावली मनाई जाती है वहीं कांग्रेस की जीत पर पाकिस्तान में जश्न मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि जनता को यह अंतर समझना चाहिए और देश विरोधी तत्वों को नकार देना चाहिए. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान देश के दुश्मन नरेन्द्र मोदी के पक्ष में बने माहौल को खराब करने का भरसक प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि जनता को देखना चाहिए कि कैसे पाकिस्तान राहुल गांधी का समर्थन कर रहा है.
आदित्यनाथ ने कहा कि पाकिस्तान सरकार के एक पूर्व मंत्री ने पुलवामा की घटना का समर्थन किया था और वही व्यक्ति आज राहुल गांधी का समर्थन कर रहा है. उन्होंने कहा ”यह दिखाता है कि मोदी जीतेंगे तो भारत में दीपावली होगी, लेकिन यदि कांग्रेस कहीं पर सफलता प्राप्त करे तो पाकिस्तान प्रफुल्लित होता है.” मुख्यमंत्री ने कहा ”कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए पहले देश का विभाजन किया और फिर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए तुष्टिकरण की नीतियों को आगे बढ़ाया जिसके दुष्परिणाम के चलते देश में अलगाववाद और उग्रवाद चरम पर पहुंचा.”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट नीतियों के कारण देश में नक्सलवाद भी तेजी से फैला. उन्होंने कहा ”मोदी सरकार के प्रयासों से आज आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद को नियंत्रित किया जा सका है. आज देश में सकारात्मक माहौल है. विकास और कल्याणकारी योजनाओं से अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है.” मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कांग्रेस की विभाजनकारी, तुष्टिकरण की नीतियों का करारा जवाब दे कर देश की जनता कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की मंशा पर पानी फेरेगी और मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और राजग गठबंधन फिर एक बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा.
पाकिस्तान में चुनाव हों तो राहुल गांधी जीत जाएंगे, भारत में मोदी की जीत होगी: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को दावा किया कि यदि पाकिस्तान में चुनाव हों तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी वहां जीत जाएंगे, लेकिन भारत में जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की होगी. शर्मा ने बृहस्पतिवार को भी राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधते हुए उन्हें इस पूर्वोत्तर राज्य में “अप्रासंगिक” बताया था और कहा था कि उनका “टाइम खत्म हो गया है.” शर्मा ने बारपेटा लोकसभा क्षेत्र में एक रैली के इतर कहा, “राहुल गांधी पाकिस्तान में बहुत लोकप्रिय हैं और यदि वहां चुनाव हों और वह चुनाव लड़ें, तो वह भारी अंतर से जीतेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है.” उन्होंने यह बात तब कही जब उनसे पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशंसा किये जाने पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई थी.
शर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा, ”हम आत्मसमर्पण करते हुए हाथ उठाते हैं कि हम पाकिस्तान में राहुल गांधी की बराबरी नहीं कर सकते और वह निश्चित रूप से वहां जीतेंगे.” पाकिस्तान में इमरान खान की कैबिनेट के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर गांधी का एक वीडियो साझा किया था और उनकी प्रशंसा की थी, जिसकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी आलोचना की थी. शर्मा ने कहा कि भारत में वैसा कुछ नहीं होगा जैसा पाकिस्तान चाहता है, बल्कि “भारत में उसके विपरीत होगा.” उन्होंने उन दो लोकसभा सीट पर गांधी की जीत की संभावनाओं पर एक सवाल के जवाब में कहा, ”भारत में, नरेन्द्र मोदी की ‘बल्ले-बल्ले’ है.”
राहुल चुनाव शुरू होते ही गठबंधन करते हैं और बाद में भाग जाते हैं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि वह चुनाव शुरू होते ही गठबंधन करते हैं और चुनाव खत्म होने के बाद भाग जाते हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही और इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के पक्ष में वोट डालने की अपील की.
मुख्यमंत्री ने कहा, ”देश में जब भी संकट आएगा तो सबसे पहले राहुल इटली भाग जाएंगे. उन्हें भारत और यहां की जनता की याद नहीं आएगी. लेकिन जब चुनाव आते हैं तो इन्हें रामलला याद आ जाते हैं और उत्तर प्रदेश आ धमकते हैं.” उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी चुनाव शुरू होते ही चुनावी गठबंधन करने लगते हैं और चुनाव खत्म होते ही भाग जाते हैं. यही इनकी फितरत है. वह पांच वर्षों तक दिखाई नहीं देंगे.” मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, ”कांग्रेस और सपा का गठबंधन ‘इंडिया’ पिछड़ी जाति के आरक्षण में कटौती कर उसे अल्पसंख्यकों को देनी की बात कहता है जबकि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे क्योंकि धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के विभाजन का आधार बनेगा.”



