जम्मू-कश्मीर चुनाव : सात निर्दलीय उम्मीदवार विजयी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 07:02 PM
जम्मू-कश्मीर चुनाव : सात निर्दलीय उम्मीदवार विजयी
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में मंगलवार को सात निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की. कांग्रेस छोड़कर जम्मू क्षेत्र की छंब सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले सतीश शर्मा ने भाजपा उम्मीदवार राजीव शर्मा को 6,929 मतों के अंतर से हराकर चुनाव जीता. पूर्व कांग्रेस मंत्री मदन लाल शर्मा के बेटे सतीश शर्मा को 33,985 वोट मिले. पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार तारा चंद, जिन्होंने तीन बार यह सीट जीती थी, 16,449 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.

इंदरवाल में निर्दलीय उम्मीदवार प्यारेलाल शर्मा ने वरिष्ठ नेता गुलाम मोहम्मद सरूरी को 643 मतों के मामूली अंतर से शिकस्त दी. शर्मा को 14,195 वोट मिले जबकि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे सरूरी को 13,552 मत प्राप्त हुए. बनी में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. रामेश्वर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और पूर्व विधायक जीवन लाल को 2,048 मतों से हराया. सिंह को 18,672 वोट मिले जबकि लाल को 16,624 प्राप्त हुए.

सुरनकोट विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बागी नेता चौधरी मोहम्मद अकरम ने कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद शाहनवाज को 8,851 मतों के अंतर से हराया. अकरम को 34,201 वोट मिले. निर्दलीय उम्मीदवार मुजफ्फर इकबाल खान ने भाजपा उम्मीदवार मोहम्मद इकबाल मलिक को 6,179 वोटों के अंतर से हराकर थानामंडी सीट जीती. खान को 32,645 वोट मिले.

लंगेट विधानसभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार खुर्शीद अहमद शेख ने 25,984 वोट हासिल किए और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के इरफान सुल्तान पंडितपुरी को 1,602 वोटों के अंतर से हराया. इसी तरह, शब्बीर अहमद कुल्ले ने शोपियां सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार शेख मोहम्मद रफी को 1,207 वोटों के अंतर से हराया. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में कुल 346 निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu