जम्मू कश्मीर: NIA ने आतंकी साजिश मामले में पुलवामा, शोपियां में पांच स्थानों पर छापेमारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jul 2023 08:48 PM
जम्मू कश्मीर: NIA ने आतंकी साजिश मामले में पुलवामा, शोपियां में पांच स्थानों पर छापेमारी की
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आतंकवादी साजिश से जुड़े एक मामले में बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा और शोपियां जिलों में पांच स्थानों पर छापेमारी की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया, ”जम्मू कश्मीर में आतंकवादी साजिश से जुड़े मामले में अपनी जांच के तहत एनआईए ने पाकिस्तान सर्मिथत प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़े आतंकवादियों के परिसरों पर एक और दौर की छापेमारी की.” अधिकारियों ने बताया कि इनमें से द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) सहित कुछ नवगठित संगठनों को सोशल मीडिया के जरिये केंद्र शासित प्रदेश में हमले करने की धमकियां देते पाया गया है.

उन्होंने बताया कि ये छापेमारी शोपियां, अवंतीपोरा और पुलवामा में पांच स्थानों पर की गई. एनआईए ने टीआरएफ, यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट जम्मू कश्मीर (यूएलएफजेएंडके), मुजाहिदीन गजवत-उल-हिंद (एमजीएच), जम्मू एंड कश्मीर फ्रीडम फाइटर्स (जेकेएफएफ), कश्मीर टाइगर्स, पीएएएफ जैसे नये संगठनों के समर्थकों और सदस्यों के परिसरों पर भी छापेमारी की. प्रवक्ता ने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक डाटा वाले कई डिजिटल उपकरण बरामद किये गये.

एनआईए ने जम्मू कश्मीर में आतंकवाद, हिंसा और तोड़फोड़ से संबंधित गतिविधियों को अंजाम देने में विभिन्न संगठनों के सदस्यों और उनके मददगारों की संलिप्तता की जांच के लिए 21 जून, 2022 को स्वत: संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया था. एनआईए ने कहा कि उसकी जांच से पता चला है कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया मंच का इस्तेमाल कर रहे हैं. उसने कहा कि जांच में पता चला है कि वे कश्मीर घाटी में अपने गुर्गों और सदस्यों को हथियार/गोला-बारूद, विस्फोटक पदार्थ, नशीले पदार्थ आदि पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu