झारखंड: भाजपा ने बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ गमालियल हेम्ब्रम को उतारा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 28 Oct 2024 01:05 PM
झारखंड: भाजपा ने बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ गमालियल हेम्ब्रम को उतारा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सोमवार को बरहेट सीट से युवा नेता गमालियल हेम्ब्रम को उम्मीदवार घोषित किया। हेम्ब्रम ने 2019 के विधानसभा चुनावों में आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के टिकट पर बरहेट से चुनाव लड़ा था और 2,573 वोट हासिल कर चौथे स्थान पर रहे थे।

झारखंड में आगामी 13 नवंबर और 20 नवंबर को 81 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। पार्टी की ओर से जारी दो उम्मीदवारों की दूसरी सूची के मुताबिक, टुंडी विधानसभा सीट से विकास महतो भाजपा के उम्मीदवार होंगे।

हेमंत सोरेन साहिबगंज जिले की बरहेट (एसटी) सीट से मौजूदा विधायक हैं। झामुमो का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर उन्होंने 2019 में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के साइमन माल्टो को 25,740 मतों के अंतर से हराया था। इस चुनाव में हेम्ब्रम आजसू के उम्मीदवार के रुप में मैदान में थे और वह चौथे स्थान पर रहे थे।

सोरेन ने दिसंबर 2019 के विधानसभा चुनावों में दुमका और बरहेट दोनों सीटें जीतीं और बरहेट को बरकरार रखने का फैसला किया। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में हेमंत के सामने बरहेट से हेमलाल मुर्मू थे। मुर्मू को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

भाजपा ने 19 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 68 पर चुनाव लड़ रही है और बाकी सीटें गठबंधन के लिए छोड़ी गई हैं। राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा का आजसू, जनता दल (यूनाईटेड) और लोजपा (रामविलास सीट) से गठबंधन है। जदयू ने दो सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि 10 सीटें आजसू के खाते में गई हैं और एक सीट केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाले लोजपा के पास गई है।

झामुमो ने 81 में से 43 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। झामुमो ने 2019 के चुनावों में जिन 43 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनमें से 30 पर जीत हासिल की और पांच निर्वाचन क्षेत्रों में दूसरे स्थान पर रही।
कांग्रेस और झामुमो 81 सीटों में से 70 सीटों के लिए चुनाव लड़ेंगे, जबकि शेष 11 पर राजद और वाम दलों द्वारा अपने उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे।

साल 2019 में, झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने भाजपा से सत्ता छीनते हुए 47 सीटें जीतीं। भाजपा ने 25 सीटें, झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो-पी) ने तीन, आजसू पार्टी ने दो, भाकपा (माले) और राकांपा ने एक-एक सीट हासिल की थी।

कुल मिलाकर 2.60 करोड़ मतदाता आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें 11.84 लाख पहली बार मतदान के पात्र बने हैं। भाजपा ने इससे पहले 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस प्रकार भाजपा अब तक 68 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav