भाजपा की ‘परिवर्तन यात्राओं’ पर झारखंड के मुख्यमंत्री का तंज, कहा-गिद्ध की तरह मंडराते दिखेंगे नेता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 08:11 PM
भाजपा की ‘परिवर्तन यात्राओं’ पर झारखंड के मुख्यमंत्री का तंज, कहा-गिद्ध की तरह मंडराते दिखेंगे नेता
ऑडियो सुनें

गढ़वा. झारखंड में शुक्रवार से राज्यभर में आयोजित की जाने वालीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन यात्राओं’ का स्पष्ट संदर्भ देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अन्य प्रदेशों के नेता ”गिद्ध की तरह मंडराते, सांप्रदायिक तनाव फैलाते” नजर आएंगे.
गढ़वा जिले में एक सरकारी कार्यक्रम ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता ने कहा कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के नेता प्रदेश के हर गांव में नजर आएंगे और वे जाति-धर्म के नाम पर सांप्रदायिक तनाव फैलाएंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”सतर्क रहें क्योंकि गिद्धों का झुंड झारखंड आ रहा है. वे पूरे राज्य में मंडराएंगे. आप देखेंगे कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के नेता गांव-गांव और पंचायत-दर-पंचायत जा रहे हैं, जाति और धर्म के नाम पर सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं.” उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव अमीर और गरीब के बीच की लड़ाई है. उन्होंने कहा, ”एक तरफ पूंजीपतियों का समूह है और दूसरी तरफ आदिवासी, गरीब, दलित और पिछड़े लोग हैं.” विपक्षी भाजपा झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की कथित ‘विफलताओं’ को उजागर करने और विधानसभा चुनावों में इसे सत्ता से ‘उखाड़’ फेंकने के लक्ष्य के साथ शुक्रवार से झारखंड के विभिन्न संभागों में छह ‘परिवर्तन यात्राएं’ शुरू करेगी.

ये यात्राएं 20 सितंबर से तीन अक्टूबर तक 24 जिलों के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में 5,400 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी. यात्राएं अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न संगठनात्मक प्रभागों से रवाना होंगी. झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस साल के अंत तक चुनाव कराए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu