झारखंड : सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक माओवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Aug 2025 07:46 PM
झारखंड : सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक माओवादी ढेर
ऑडियो सुनें

चाईबासा. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन का एक सदस्य मारा गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोईलकेड़ा थाना क्षेत्र के डुगुनिया, पोसैता और तुम्बागड़ा इलाकों में तलाश अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर सुबह करीब छह बजे गोलीबारी शुरू कर दी, सुरक्षार्किमयों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

कोल्हान प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक मनोज कौशिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”माओवादी और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) का एक सदस्य मारा गया.” उन्होंने कहा कि घटनास्थल से एक राइफल, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि पश्चिम सिंहभूम पुलिस को मंगलवार को खुफिया जानकारी मिली थी कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोई बड़ी घटना अंजाम देने के उद्देश्य से भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता कोल्हान क्षेत्र में एकत्र हुए हैं.

बयान में कहा गया है, ”इस जानकारी के आधार पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने डुगुनिया, पोसैता और तुम्बागड़ा क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया. सुरक्षाबलों को देखते ही माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. आत्मरक्षा में सुरक्षाबलों ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक माओवादी मारा गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu