झारखंड : नौकरी के लिए पिता की हत्या कराने का प्रयास किया, गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Nov 2023 10:26 PM
झारखंड : नौकरी के लिए पिता की हत्या कराने का प्रयास किया, गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

रामगढ़. झारखंड पुलिस ने रविवार को बताया कि सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) के कर्मचारी पर हुए हमले के मामले में उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के लिए आरोपी ने पिता की हत्या का प्रयास किया और हमलावरों को इसके लिए पैसा दिया था.

पुलिस ने बताया कि सीसीएल कर्मचारी रामजी मुंडा को 16 नवंबर को रामगढ़ जिले के मटकामा चौक पर दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी. गंभीर हालत में उन्हें रामगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल रांची में उनका इलाज जारी है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान उनके बेटे अमित मुंडा की कथित संलिप्तता पाई गई और उसे दिन में गिरफ्तार कर लिया गया.

पतरातू अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बीरेंद्र कुमार चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के लिए रामजी मुंडा के बेटे अमित मुंडा ने ही उन पर भाड़े के हमलावरों के जरिये कथित तौर पर हमला कराया था. एसडीपीओ ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है. एक अधिकारी ने बताया कि कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की सहायक कंपनी सीसीएल में किसी कर्मचारी की सेवा अवधि के दौरान मृत्यु होने पर उसके आश्रित को स्थायी नौकरी देने का प्रावधान है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu