झामुमो नीत गठबंधन आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और लोगों का शोषण कर रहा : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 May 2024 09:24 PM
झामुमो नीत गठबंधन आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और लोगों का शोषण कर रहा : राजनाथ
ऑडियो सुनें

दुमका/गोड्डा. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झारखंड में झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर ”आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे होने” और लोगों का शोषण करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य के निवासियों पर अत्याचार करने के लिए इसे दंडित किया जाएगा.

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को एक समृद्ध देश बनाने के लिए अथक प्रयास किया है और ”25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर करिश्माई काम किया है”, जबकि ”जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे पूर्व प्रधानमंत्रियों ने गरीबी कम करने के खोखले वादे किए थे.” सिंह ने झारखंड के दुमका में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”झामुमो के नेतृत्व वाला भ्रष्ट गठबंधन निर्दोष लोगों का खून चूस रहा है. वह उनके साथ विश्वासघात कर रहा है. भाजपा ‘इंसाफ और इंसानियत’ की राजनीति में विश्वास करती है. लोगों पर अत्याचार के लिए झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन को सजा मिलेगी.”

सिंह ने कहा, ”केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाले शासन के दौरान भारत आर्थिक समृद्धि में वैश्विक स्तर पर 11वें स्थान पर रहा था जबकि भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के नेतृत्व वाले शासन में देश पांचवें स्थान पर पहुंच गया.” केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”आगामी समय में अमेरिका और चीन के बाद भारत तीसरा सबसे समृद्ध देश होगा.” बाद में, झारखंड के गोड्डा से भाजपा उम्मीदवार निशिकांत दुबे के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने दावा किया कि भारत, अमेरिका और चीन के बाद 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. दुबे कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं.

सिंह ने दुमका में मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन के पक्ष में वोट करने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी को भी लोगों से आरक्षण छीनने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने गोड्डा की रैली में कहा कि अफवाह फैलाई जा रही है कि यदि भाजपा नीत राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन)सत्ता में फिर से आया तो यह आरक्षण खत्म कर देगा.

सिंह ने कहा, ”मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि आरक्षण प्रणाली में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और किसी को भी इसे बदलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.” उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ”झारखंड के सम्मान को दांव पर लगा दिया है.” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा के चुनाव चिह्न ‘कमल’ को वोट देकर इसका ”बदला लें.” उन्होंने सोरेन पर तंज कसते हुए कहा कि भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री लापता हो गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu