‘प्रोजेक्ट के’ में किरदार निभाएंगे कमल हासन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Jun 2023 07:25 PM
‘प्रोजेक्ट के’ में किरदार निभाएंगे कमल हासन
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/चेन्नई. नाग अश्विन की अनेक भाषाओं में बनने वाली विज्ञान-कल्पना आधारित फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ के कलाकारों में कमल हासन का भी नाम जुड़ गया है. निर्माताओं ने रविवार को यह जानकारी दी. ‘प्रोजेक्ट के’ एक बड़े बजट की फिल्म होगी जिसमें प्रभास और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. इस फिल्म का निर्माण वैजयंती मूवीज के संस्थापक सी अश्वनी दत्त कर रहे हैं.

निर्माता कंपनी वैजयंती मूवीज ने फिल्म में हासन के शामिल होने की घोषणा अपने आधिकारिक ट्विटर पृष्ठ पर की. निर्माता कंपनी ने ट्वीट में लिखा, ”महान अभिनेता कमल हासन का स्वागत है. हमारी यात्रा अब व्यापक हो गई है.” ‘प्रोजेक्ट के’ में अमिताभ बच्चन और दिशा पाटनी भी काम कर रहे हैं. इसके बाद हासन ने कहा ने कि दत्त के साथ पांच दशक बाद जुड़कर अच्छा लग रहा है जब वह नृत्य सहायक हुआ करते थे और बाद में सहायक निर्देशक हुए.

कमल हासन ने एक बयान में कहा, ”हम दोनों 50 साल बाद साथ आ रहे हैं. हमारी अगली पीढ़ी का एक शानदार निर्देशक इस राह पर है. मेरे सह कलाकार प्रभास और दीपिका भी उसी पीढ़ी के हैं. मैंने पहले भी अमित जी के साथ काम किया है. हर बार ऐसा लगता है कि ये पहली बार है. अमित जी खुद को नया रूप देते रहते हैं. मैं भी इस अविष्कारी प्रक्रिया का अनुकरण कर रहा हूं. ”

उन्होंने कहा, ”मैं बेसब्री से ‘प्रोजेक्ट के’ का इंतजार कर रहा हूं. दर्शक मुझे जिस भी स्थान पर रखें, मेरा प्राथमिक गुण यह है कि मैं फिल्मों का शौकीन हूं. इसी गुण के कारण मैं फिल्मों की दुनिया में नए प्रयास करता रहूंगा. ‘प्रोजेक्ट के’ के लिए पहली ताली मेरी तरफ से. हमारे निर्देशक नाग अश्विन के दृष्टिकोण के साथ, मुझे यकीन है कि हमारे देश और सिनेमा की दुनिया में तालियां गूंजेंगी.” दत्त अपनी निर्माण कंपनी के 50वें वर्ष पूरे करने के अवसर पर इस फिल्म को बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि हासन के साथ काम करने का सपना ‘प्रोजेक्ट के’ के साथ साकार हो रहा है.

निर्माता ने कहा, ”दो महान अभिनेता कमल हासन और अमिताभ बच्चन को लेकर एक साथ काम करना किसी भी निर्माता के लिए एक बड़ा पल है. मेरे कॅरियर के 50वें वर्ष में यह वास्तव में आशीर्वाद है.” निर्देशक अश्विन ने कहा, ”उनके फिल्म में काम करने के लिए राजी होने से हम बहुत प्रसन्न और सम्मानित हैं. हमारी दुनिया पूरी हो गई है.” ‘प्रोजेक्ट के’ सिनेमाघरों में 12 जुलाई, 2024 को दस्तक देगी. यह तेलुगू, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में रिलीज होगी.

हासन ने महिला बस चालक को भेंट की कार, कनिमोई टिकट विवाद के बाद छोड़ी थी नौकरी
अभिनेता एवं राजनेता कमल हासन ने कोयंबटूर की उस महिला चालक को सोमवार को कार भेंट की जिसने द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की नेता कनिमोई की बस यात्रा के दौरान टिकट खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद नौकरी छोड़ दी थी. मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) के प्रमुख हासन ने एक बयान में कहा कि कोयंबटूर की पहली महिला बस चालक र्शिमला को ‘कमल पनबट्टू मय्यम’ (कमल संस्कृति केंद्र) की ओर से कार दी गई है ताकि वह उद्यमी बन सकें.

उन्होंने कहा, ” मैं र्शिमला को लेकर जारी बहस से काफी खफा हूं, जो अपनी उम्र की महिलाओं के लिए एक बेहतरीन मिसाल हैं. र्शिमला की पहचान केवल एक चालक तक सीमित न रह जाए. मेरा मानना है कि र्शिमला जैसे कई और लोग होने चाहिए.” हासन ने कहा कि वह कार को किराए पर देकर उद्यमी बन सकती हैं.

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह कनिमोई ने कोयंबटूर के गांधीपुरम से पीलामेदू तक बस में यात्रा की थी और इस वाहन की चालक र्शिमला थीं. इसके कुछ समय बाद ही र्शिमला ने नौकरी छोड़ दी थी. उनकी एक सहकर्मी ने कनिमोई का कथित तौर पर अपमान किया था और उनकी कंपनी ने उन पर बस में यात्रा के लिए जानीमानी हस्तियों को बुलाकर लोकप्रियता हासिल करने का आरोप लगाया था.
र्शिमला ने आरोप लगाया था कि सांसद कनिमोई ने टिकट खरीदा था, लेकिन फिर भी एक महिला परिचालक ने इसको लेकर उनका अपमान किया. र्शिमला ने दावा किया कि उन्होंने अपने प्रबंधन को सांसद की प्रस्तावित यात्रा के बारे में जानकारी दी थी. हालांकि परिवहन कंपनी ने कनिमोई की यात्रा की जानकारी होने की बात से इनकार किया है. वहीं जोर देकर कहा कि र्शिमला ने स्वयं अपनी नौकरी छोड़ी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu