पूर्व डीजीपी की हत्या में बेटे को मां और बहन की संलिप्तता का ‘गहरा संदेह’

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 21 Apr 2025 02:20 PM
पूर्व डीजीपी की हत्या में बेटे को मां और बहन की संलिप्तता का ‘गहरा संदेह’
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की मौत के मामले में उनके बेटे ने अपने पिता की हत्या में अपनी मां और बहन की संलिप्तता का ‘गहरा संदेश’ जताया जिसके बाद दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने घटना के सिलसिले में ओम प्रकाश की पत्नी पल्लवी और बेटी कृति को गिरफ्तार कर लिया है।

ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पल्लवी पिछले एक सप्ताह से उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी। पूर्व डीजीपी के बेटे ने कहा, “इन धमकियों के कारण मेरे पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे।”

कार्तिकेश ने आरोप लगाया, “दो दिन पहले मेरी छोटी बहन वहां गई और उन पर (पूर्व डीजीपी) घर लौटने का दबाव बनाया।” शिकायत में कार्तिकेश ने कहा, “कृति पिताजी को वापस ले आई थी, जबकि वह वापस आने को तैयार नहीं थे।”

उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे जब वह डोमलूर स्थित कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन में था, तब उसके पड़ोसी जयश्री श्रीधरन ने उसे फोन कर बताया कि उसके पिता सीढि़यों के नीचे पड़े हुए हैं। कार्तिकेश ने बताया, “मैं घर पहुंचा (जो एचएसआर लेआउट में स्थित है) तो वहां पुलिस अधिकारी और लोग मौजूद थे। मेरे पिता खून से लथपथ पड़े थे और उनके सिर और शरीर पर घाव थे। उनके शव के पास एक टूटी हुई बोतल और एक चाकू पड़ा था। इसके बाद उन्हें सेंट जॉन्स अस्पताल ले जाया गया।”

कार्तिकेश ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा, “मेरी मां पल्लवी और मेरी बहन कृति अक्सर मेरे पिता से झगड़ा करती थीं। मुझे पूरा संदेह है कि वे मेरे पिता की हत्या में शामिल हैं। मैं इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध करता हूं।”

पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश (68) बिहार के चंपारण के मूल निवासी थे और उन्होंने भूविज्ञान में स्रातकोत्तर की पढ़ाई की थी। प्रकाश को 1 मार्च 2015 को कर्नाटक का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital