कर्नाटक: कांतारा- 2: का कनिष्ठ कलाकार नदी में डूबा, शूटिंग अस्थायी रूप से रोकी गई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 10:13 PM
कर्नाटक: कांतारा- 2: का कनिष्ठ कलाकार नदी में डूबा, शूटिंग अस्थायी रूप से रोकी गई
ऑडियो सुनें

उडुपी/नयी दिल्ली. उडुपी जिले में कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर- 1’ की शूटिंग में काम कर रहे एक कनिष्ठ कलाकार की सौर्पिणका नदी में डूब जाने से मौत हो गई और इसके कारण शूटिंग को अस्थायी रूप से रोक दिया गया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. मृतक कलाकार की पहचान एम. एफ. कपिल के रूप में हुई है.

पुलिस ने बताया कि कपिल बुधवार को कथित तौर पर तैरने के लिए नदी में उतरे थे और वह नदी के तेज बहाव में बह गए. अग्निशमन विभाग और स्थानीय अधिकारियों ने तुरंत खोज एंव बचाव अभियान शुरू किया. पुलिस ने बताया कि देर रात उनका शव बरामद कर लिया गया. उडुपी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण के. ने बताया कि कोल्लूर थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है.

कपिल 2022 की फिल्म कांतारा की अगली कड़ी ‘कांतारा: चैप्टर 1’ की टीम का हिस्सा थे. हालांकि कपिल इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नहीं थे, लेकिन अपनी कला के प्रति प्रतिबद्धता के कारण उन्हें कनिष्ठ कलाकारों के बीच पहचान मिली. मुंबई की ‘ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (एआईसीडब्ल्यूए) ने कर्नाटक सरकार से केरल के कनिष्ठ कलाकार कपिल की मौत की गहन जांच करने का आग्रह किया है.

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, एआईसीडब्ल्यूए ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से अधिकारियों को ऋषभ शेट्टी और उनकी कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने और मृतक कलाकार के परिजन के लिए एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषणा करने का आग्रह किया है. फिल्म का प्रचार देख रही कंपनी ‘होम्बले फिल्म्स एलएलपी’ ने एक विज्ञप्ति में कपिल की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि यह घटना फिल्म के सेट पर या शूटिंग के दौरान नहीं हुई थी, बल्कि शूटिंग स्थल से काफी दूर और दिनभर काम करने के बाद हुई थी. हाल ही में प्रोडक्शन टीम को कई झटकों का सामना करना पड़ा है. इससे पहले कोल्लूर में कनिष्ठ कलाकारों को ले जा रही एक बस पलट गई थी, हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी.

एआईसीडब्ल्यूए ने ‘कांतारा’ क्रू मेंबर की मौत की जांच की मांग की

सिनेमा र्किमयों के एक संगठन ने एक कनिष्ठ कलाकार की मौत की जांच की बृहस्पतिवार को मांग की, जिसकी फिल्म “कांतारा: चैप्टर 1” की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर डूबने से मौत हो गई. हालांकि, फिल्म निर्माताओं ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि यह घटना कलाकार की निजी यात्रा के दौरान हुई थी. इस बीच, कर्नाटक पुलिस ने कहा कि कोल्लूर थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है.

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान एम.एफ. कपिल के रूप में हुई है. कपिल की बुधवार दोपहर भोजनावकाश के दौरान उडुपी जिले के कुंदापुर तालुक में कोल्लूर के निकट एक नदी में कथित तौर पर डूबने से मौत हो गयी थी. पुलिस ने बताया कि इस घटना के कारण फिल्म की शूटिंग कुछ समय के लिए रुक गई. पुलिस के अनुसार, कपिल तैरने के लिए नदी में उतरा था, लेकिन वह तेज बहाव में बह गया. अग्निशमन विभाग और स्थानीय अधिकारियों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया और देर रात कपिल का शव बरामद हुआ.

‘ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ (एआईसीडब्ल्यूए) ने कनिष्ठ कलाकार की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उसे इस बात की चिंता है कि “फिल्म सेट पर होने वाली मौत की घटनाओं को लगातार गलत तरीके से प्रस्तुत किया जाता है.” बयान में कहा गया है, “इस घटना में डूबने के दावे की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यह मौत का असली कारण है या इसमें अन्य कारक शामिल हैं. एआईसीडब्ल्यूए कर्नाटक के माननीय मुख्यमंत्री श्री सिद्धरमैया से अनुरोध करता है कि वह कपिल की मौत की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष जांच कराएं, ताकि उनके परिवार को न्याय मिल सके.” एसोसिएशन ने मांग की कि फिल्म के मुख्य कलाकार ऋषभ शेट्टी और प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए और निर्माताओं से मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की अपील की.

बाद में, “कांतारा: चैप्टर 1” के कार्यकारी निर्माता आदर्श जेए ने कहा कि टीम को इस “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” पर गहरा अफसोस है और उन्होंने इन खबरों को खारिज कर दिया कि यह दुर्घटना फिल्म के सेट पर हुई थी. आदर्श ने एक बयान में दावा किया, “वास्तव में, जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन कोई शूटिंग निर्धारित नहीं थी. यह घटना दोस्तों के साथ उनकी निजी यात्रा के दौरान हुई. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि कृपया इसे फिल्म से जोड़ने से बचें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu