कार्तिक आर्यन को आईएफएफएम में किया जाएगा सम्मानित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Jul 2023 09:42 PM
कार्तिक आर्यन को आईएफएफएम में किया जाएगा सम्मानित
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता कार्तिक आर्यन को 14वें भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) में ‘राइजिंग ग्लोबल सुपरस्टार ऑफ इंडियन सिनेमा’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. महोत्सव के आयोजकों के अनुसार हाल में फिल्म ‘सत्यप्रेम की कथा’ में दिखाई दिये अभिनेता को महोत्सव के पहले दिन 11 अगस्त को आयोजित समारोह में इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. यह पुरस्कार विक्टोरिया की गवर्नर द्वारा कार्तिक की उल्लेखनीय उपलब्धियों और भारतीय सिनेमा जगत में उनके महत्वपूर्ण प्रभाव को मान्यता देते हुए प्रदान किया जाएगा.

कार्तिक ने एक बयान में कहा, ”मैं इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए विक्टोरियाई सरकार के प्रति बहुत आभारी हूं और मेलबर्न के 14वें भारतीय फिल्म महोत्सव में शामिल होने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं. भारतीय सिनेमा में अपने काम के लिए यह सम्मान पाना एक बहुत बड़ा सौभाग्य है. मैंने हमेशा कहानी कहने की शक्ति और फिल्मों की दिलों को छूने और दिमाग को प्रेरित करने की क्षमता में विश्वास किया है. मैं सिनेमा के जादू का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हूं.” आईएफएफएम 20 अगस्त तक चलेगा और यह भारतीय सिनेमा और संस्कृति का आयोजन है जिसमें 20 भाषाओं में 100 से अधिक फिल्में, चर्चाएं और फिल्म प्रेमियों तथा व्यापक समुदाय के लिए कार्यक्रम पेश किए जाएंगे.

महोत्सव निदेशक मितु भौमिक लांगे ने कहा कि कार्तिक के ऑस्ट्रेलिया में बहुत सारे प्रशंसक हैं और वह उन्हें सम्मानित करने के लिए रोमांचित हैं. उन्होंने कहा, ”कार्तिक आर्यन को दुनिया भर और खासकर ऑस्ट्रेलिया में बहुत पसंद किया जाता है और उनका विविधतापूर्ण प्रदर्शन बहुत सराहनीय है. युवा पीढ.ी के बीच भारतीय सिनेमा में उनका योगदान खास रहा है. हम उन्हें ‘राइजिंग ग्लोबल सुपरस्टार ऑफ इंडियन सिनेमा’ पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए उत्साहित हैं और इस कार्यक्रम में उनकी मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं.”

वार्षिक महोत्सव में भाग लेने के अलावा, अभिनेता ‘इन कन्वर्सेशन’ सत्र में भी भाग लेंगे. फिल्मोत्सव में उनकी फिल्मों की स्क्रीनिंग भी होगी, जिनमें ‘भूल भुलैया 2’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ शामिल हैं. कार्तिक फिलहाल ब्रिटेन में निर्देशक कबीर खान के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की शूटिंग कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu