केजरीवाल ने दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा, शाह पर निशाना साधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Dec 2024 07:21 PM
केजरीवाल ने दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा, शाह पर निशाना साधा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में ”जंगल राज” है और यहां के लोगों ने अपराध में इस तरह की बढ़ोतरी कभी नहीं देखी. पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने नारायणा में एक परिवार से मुलाकात की, जिसके दो सदस्यों की छह महीने के अंतराल में अपराधियों ने हत्या कर दी. उन्होंने कहा कि हाल में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसने स्थानीय अपराधियों से अपनी जान को खतरा होने के डर से पुलिस में शिकायत की थी. केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा कि छह महीने पहले इस युवक के छोटे भाई की हत्या कर दी गई थी.

उन्होंने कहा, ”दिल्ली के लोगों ने कभी भी ऐसी अराजकता और जंगल राज का दौर नहीं देखा. कोई भी किसी की भी हत्या कर सकता है. जब यह पता था कि जिन लोगों ने परिवार के एक सदस्य को मारा, वे किसी और को भी मार सकते हैं, तो उन्हें रोकने के लिए कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?” केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली के लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की जो असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति का मुद्दा उठा रही है तथा भाजपा नीत केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री पर हमला बोल रही है. केजरीवाल ने कहा कि पूरा नारायणा इलाका स्थानीय अपराधियों के एक ऐसे गिरोह के बारे में जानता है जो निवासियों को आतंकित करते हैं लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की.

उन्होंने आरोप लगाया, ”कल दिल्ली में तीन हत्याएं हुईं. भाजपा और शाह ने शहर को गुंडों और बदमाशों के भरोसे छोड़ दिया है.” भाजपा ने केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि वह आप नीत सरकार के भ्रष्टाचार और विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए आपराधिक घटनाओं का हवाला देकर कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठा रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu