
कोट्टायम: भाजपा की केरल इकाई के नेता पी. सी. जॉर्ज पर धार्मिक नफरत पैदा करने वाली टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि जॉर्ज पर इस सप्ताह की शुरुआत में आयोजित टीवी परिचर्चा के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग करने का आरोप है।
मुस्लिम यूथ लीग नगर समिति की शिकायत के आधार पर एराट्टुपेट्टा पुलिस ने शुक्रवार को वरिष्ठ नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ भारतीय न्याय संिहता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।
इस बीच, भाजपा ने जॉर्ज के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की कड़ी ंिनदा की और आरोप लगाया कि यह ‘‘वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का राजनीतिक प्रतिशोध’’ है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के केरल प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने माकपा नीत वाम सरकार पर हमास के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलने और प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट आॅफ इंडिया’ (पीएफआई) समर्थकों को अपने पाले में करने का आरोप लगाया।
जॉर्ज को सही ठहराते हुए जावड़ेकर ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि उनका इरादा चरमपंथ का विरोध करना था, न कि किसी समुदाय को निशाना बनाना। उन्होंने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, एलडीएफ सरकार ने राजनीतिक प्रतिशोध के कारण पीसी जॉर्ज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जो हमास के खिलाफ एक शब्द भी नहीं कहती और पीएफआई समर्थकों को अपने पाले में करना चाहती है।’’


