केरल: ब्याज मुक्त स्वर्ण ऋण के नाम पर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 25 Feb 2026 02:05 PM
केरल: ब्याज मुक्त स्वर्ण ऋण के नाम पर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कन्नूर: केरल के कन्नूर में ब्याज मुक्त स्वर्ण ऋण का झांसा देकर एक महिला से सोने के आभूषण और नकदी ठगने के मामले में वांछित 42 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान एडयक्कड के उस्सानमुक्कू निवासी पी. पी. इस्माइल के रूप में हुई है। उसे कोच्चि से गिरफ्तार किया गया, जहां वह छिपा था।

पुलिस ने बताया कि ठगी की इस वारदात को थालास्सेरी जनरल अस्पताल के पास स्थित एक दुकान की आड़ में अंजाम दिया गया था। आरोपी और उसके साथियों ने धर्मदम निवासी शिकायतकर्ता से संपर्क किया और उसे एक साल के लिए ब्याज मुक्त स्वर्ण ऋण देने का प्रलोभन दिया। उन्होंने महिला को आश्वासन दिया था कि ऋण अवधि समाप्त होने के बाद उसे या तो वही आभूषण वापस कर दिए जाएंगे या उसी वजन के उसकी पसंद के नए डिजाइन वाले आभूषण दिए जाएंगे।

पुलिस के अनुसार, इस झांसे में आकर महिला ने 2.5 लाख रुपये के ऋण के बदले 62.3 ग्राम सोने के आभूषण सौंप दिए। बाद में आभूषण वापसी के नाम पर उससे 1.25 लाख रुपये और लिए गए। हालांकि, पैसे लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो सोना लौटाया और न ही नकदी वापस की।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने धर्मदम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि इस मामले से जुड़े कई अन्य सहयोगियों और एजेंट को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि यह गिरोह करीब तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में शामिल है और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 35 मामले दर्ज हैं।
धर्मदम पुलिस की एक विशेष टीम ने थालास्सेरी सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दस्ते और एर्नाकुलम टाउन नॉर्थ पुलिस के सहयोग से आरोपी को कोच्चि से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav