कुलदीप और जडेजा ने वेस्टइंडीज को 114 रन पर समेटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jul 2023 10:30 PM
कुलदीप और जडेजा ने वेस्टइंडीज को 114 रन पर समेटा
ऑडियो सुनें

ब्रिजटाउन. कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा ने फिरकी का जादू चलाते हुए मिलकर सात विकेट चटकाए जिससे भारत ने गुरुवार को यहां पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज को सिर्फ 114 रन पर ढेर कर दिया. बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप ने सिर्फ छह रन देकर चार जबकि बाएं हाथ के पारंपरिक स्पिनर जडेजा ने 37 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 23 ओवर में सिमट गई. शारदुल ठाकुर (14 रन पर एक विकेट), हार्दिक पंड्या (17 रन पर एक विकेट) और मुकेश कुमार (22 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया.

कप्तान शाई होप 43 रन बनाकर वेस्टइंडीज के शीर्ष स्कोरर रहे. उनके अलावा एलिक अथानाजे (22) की 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए. वेस्टइंडीज ने अपने अंतिम सात विकेट 26 रन पर गंवाए. रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और हार्दिक पंड्या ने अपने दूसरे और पारी के तीसरे ओवर में ही काइल मायर्स (02) को मिड ऑन पर कप्तान के हाथों कैच करा दिया.

भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में पदार्पण करने वाले एलिक अथानाजे एक बार फिर अच्छी लय में नजर आए. उन्होंने हार्दिक की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ने के बाद शारदुल ठाकुर का स्वागत भी दो चौकों के साथ किया. सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन किंग ने भी पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज मुकेश कुमार पर दो चौके मारे.

अथानाजे हालांकि मुकेश की गेंद पर कड़ा प्रहार करने की कोशिश में प्वाइंट पर जडेजा को कैच दे बैठे. उन्होंने 22 रन बनाए.
शारदुल ने अगले ओवर में किंग (17) को बोल्ड करके वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 45 रन किया. कप्तान होप और शिमरोन हेटमायर (11) ने चौथे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की. होप अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने कुछ अच्छी बाउंड्री लगाई.

जडेजा ने हालांकि दो ओवर में हेटमायर, रोवमैन पावेल (04) और रोमारियो शेपर्ड (00) को आउट करके वेस्टइंडीज की वापसी की उम्मीदों को तोड़ा. हेटमायर को बोल्ड करने के बाद जडेजा ने अगले ओवर में पावेल को स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया जबकि एक गेंद बाद शेपर्ड भी दूसरी स्लिप में विराट कोहली को कैच दे बैठे.

कुलदीप ने अपने पहले ही ओवर में डोमिनिक ड्रेक्स (03) को पगबाधा किया जिससे वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 88 रन से सात विकेट पर 99 रन हो गया. वेस्टइंडीज के रनों का शतक 19वें ओवर में पूरा हुआ. कुलदीप ने यानिक कारियाह (03) को पगबाधा करके वेस्टइंडीज को आठवां झटका दिया. मैदानी अंपायर ने यानिक को पगबाधा नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा.

होप ने जडेजा पर छक्का जड़ा लेकिन कुलदीप की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में पगबाध हो गए. उन्होंने 45 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का मारा. कुलदीप ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर जेडन सील्स (00) को पंड्या के हाथों कैच कराके वेस्टइंडीज की पारी को समेटा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu