लक्ष्य सेन अमेरिकी ओपन से बाहर, सेमीफाइनल में फेंग से हारे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jul 2023 09:51 PM
लक्ष्य सेन अमेरिकी ओपन से बाहर, सेमीफाइनल में फेंग से हारे
ऑडियो सुनें

काउंसिल ब्लफ्स. भारत के स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन को अमेरिकी ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में चीन के ऑल इंग्लैंड चैंपियन ली शी फेंग से संघर्षपूर्ण मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और यहां तीसरी वरीयता प्राप्त सेन दूसरी वरीयता प्राप्त फेंग के खिलाफ 17-21, 24-22, 17-21 से हार गए. शनिवार की रात को खेला गया बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 टूर्नामेंट का यह मुकाबला एक घंटे 16 मिनट तक चला.

विश्व में सातवें नंबर के खिलाड़ी फेंग और 12वीं रैंकिंग के सेन के बीच यह मुकाबला काफी करीबी रहा. शुरुआती गेम में दोनों खिलाड़ी 17 अंकों तक बराबरी पर थे लेकिन के बाद चीन के खिलाड़ी ने आक्रामक रवैया दिखाया जबकि भारतीय खिलाड़ी ने कुछ गलतियां की.
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता सेन ने हालांकि दूसरे गेम में अच्छी वापसी की. पहले गेम की तरह दूसरे गेम में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला. दोनों खिलाड़ियों ने लंबी रैलियां की और 22 अंक तक दोनों बराबरी पर थे. लक्ष्य ने इसके बाद लगातार दो अंक बनाकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया.

तीसरा और निर्णायक गेम पहले गेम की पुनरावृति था. फेंग ने शुरू में बढ़त बनाई और इंटरवल तक वह 11-8 से आगे थे. सेन ने हालांकि हार नहीं मानी और 17 अंकों तक स्वयं को मुकाबले में बनाए रखा. चीन के खिलाड़ी ने इसके बाद दबाव बनाया तथा मैच अपनी झोली में डाला. सेन का फेंग के खिलाफ जीत हार का रिकॉर्ड 5-2 है. उन्होंने पिछले सप्ताह कनाडा ओपन में चीन के खिलाड़ी को 21-18, 22-20 से हराकर अपना दूसरा बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 खिताब जीता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu