Lok Sabha Polls: भाजपा ने किया मैनिफेस्टो कमेटी का एलान, राजनाथ को अध्यक्ष तो सीतारमण को बनाया संयोजक

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 30 Mar 2024 07:31 PM
Lok Sabha Polls: भाजपा ने किया मैनिफेस्टो कमेटी का एलान, राजनाथ को अध्यक्ष तो सीतारमण को बनाया संयोजक
ऑडियो सुनें

भाजपा ने अपनी मैनिफेस्टो कमेटी का एलान कर दिया है। दिग्गज भाजपा नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, निर्मला सीतारमण को इसका संयोजक और पीयूष गोयल को सह संयोजक बनाया गया है। भाजपा मैनिफेस्टो कमेटी में अध्यक्ष समेत 27 सदस्यों को शामिल किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में यह समिति लोकसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी वादों को लेकर विचार-विमर्श करेगी और उन्हें अमलीजामा पहनाएगी। इसके लिए समिति देश भर के लोगों से सुझाव मांगेगी।

भाजपा की समिति में कौन-कौन?
अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अर्जुनराम मेघवाल, किरेन रिजिजू, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र पटेल, हिमंत बिस्व सरमा, विष्णुदेव साय, मोहन यादव, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, स्मृति ईरानी, जुएल ओराम, रविशंकर प्रसाद, सुशील मोदी, केशव प्रसाद मौर्य, राजीव चंद्रशेखर, विनोद तावड़े, राधामोहन दास अग्रवाल, मनजिंदर सिंह सिरसा, ओपी धनखड़, अनिल एंटनी, तारीक मंसूर के नाम शामिल हैं।

पिछली बार भी राजनाथ सिंह ने ही संभाली थी कमान
गौरतलब है कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 20 सदस्यों वाली मैनिफैस्टो कमेटी बनाई थी। तब उसकी कमान तत्कालीन गृहमंत्री राजनाथ सिंह को ही सौंपी गई थी। इस बार भी उन्हें ही यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहा जा रहा है कि भाजपा अप्रैल के दूसरे हफ्ते में घोषणापत्र जारी करने की योजना बना रही है।

पिछली बार ये थे भाजपा के अहम वादे
बता दें कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के लिए भाजपा ने राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद-370 के खात्मे, किसानों को छह हजार रुपये की सहायता, छोटे किसानों-दुकानदारों को पेंशन, एक साथ लोकसभा-विधानसभा चुनाव कराने जैसे अहम वादे किए थे। इसमें से राम मंदिर का निर्मांण और अनुच्छेद-370 को खत्म करने का वादा भाजपा सरकार पूरा कर चुकी है। वहीं, समान नागरिक संहिता लागू करने की शुरुआत उत्तराखंड से हो चुकी है। इसके अलावा, कई अन्य वादों को भी पार्टी पूरा कर चुकी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news