शहीद हेमराज की बेटी की शादी में पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, निभाया छह साल पुराना भाई का वादा

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 12 Apr 2025 04:07 PM
ऑडियो सुनें

राजस्थान के सांगोद में 12 अप्रैल को एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शहीद हेमराज मीणा की बेटी की शादी में मायरा (भात) लेकर पहुंचे। इस मौके पर पूरे गांव में खुशी का माहौल था, और हर किसी की आंखें इस भावनात्मक रिश्ते को देखकर नम हो गईं।

सीआरपीएफ के जवान हेमराज मीणा पुलवामा हमले में 6 साल पहले शहीद हो गए थे। उनके शहीद होने के बाद उनका परिवार गहरे दुख में था। उसी समय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वीरांगना मधुबाला को अपनी बहन माना और परिवार की जिम्मेदारी निभाने का वादा किया था। तब से अब तक वे हर राखी और भाई दूज पर बहन से तिलक और राखी बंधवाते रहे।

अब जब शहीद हेमराज की बेटी की शादी का समय आया, तो ओम बिरला मायरा की रस्म निभाने खुद पहुंचे। उन्होंने बहन मधुबाला को चुनरी ओढ़ाई और पूरे रीति-रिवाजों के साथ तिलक करवाया। बहन ने भी परंपरा अनुसार उन्हें “बत्तीसी” झिलाई और तिलक व आरती की। इस मौके पर राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान ओम बिरला ने शहीद हेमराज मीणा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरा परिवार और गांववाले इस दृश्य को देखकर भावुक हो गए। इस अनूठे मायरे ने न केवल एक बहन-भाई के रिश्ते को मजबूत किया, बल्कि शहीद परिवारों के सम्मान और समर्थन की एक मिसाल भी पेश की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news