मध्यप्रदेश सरकार ने गृहिणियों से किया 10,000 रुपये की मासिक आमदनी का वादा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jul 2023 10:05 PM
मध्यप्रदेश सरकार ने गृहिणियों से किया 10,000 रुपये की मासिक आमदनी का वादा
ऑडियो सुनें

इंदौर.मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर तबके की हर गृहिणी के लिए 10,000 रुपये की मासिक आमदनी सुनिश्चित करेगी. उन्होंने यह घोषणा ऐसे वक्त की, जब सूबे में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के बीच होड़ लगी है.

चौहान ने इंदौर में एक भव्य समारोह के दौरान एक उपकरण से प्रतीकात्मक बटन दबाकर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना की दूसरी किश्त करीब 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खाते में पहुंचाई. उन्होंने इस समारोह में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा,”हमारा नया संकल्प है कि हर बहन की मासिक आमदनी कम से कम 10,000 रुपये होनी चाहिए और वे अपने घर का काम-काज करने के साथ ही छोटे-मोटे काम-धंधे से इतनी आय अर्जित कर सके.” चौहान ने कहा कि इस संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए संबंधित महिलाओं को महज दो प्रतिशत की ब्याज दर पर बैंक से कर्ज दिलाया जाएगा जिसकी अदायगी की गारंटी प्रदेश सरकार लेगी. उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन के तहत इन महिलाओं के स्व-सहायता समूह बड़े पैमाने पर बनाए जाएंगे ताकि वे बैंक कर्ज लेकर अपना काम-काज शुरू कर सकें.

राज्य विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले, 10 जून से शुरू की गई लाड़ली बहना योजना के तहत लाभार्थी महिला को हर महीने सरकारी खजाने से 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है. मुख्यमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि इस रकम को सिलसिलेवार तरीके से बढ़ाकर 3,000 रुपये तक पहुंचाया जाएगा. कांग्रेस भी मतदाताओं से वादा कर चुकी है कि विधानसभा चुनावों में जीतने और राज्य की सत्ता में लौटने पर महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

बहरहाल, मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहने पर महिलाओं के लिए कभी कुछ नहीं किया, लेकिन अब उसके नेता आधी आबादी के मुद्दों को लेकर “घड़ियाली आंसू” बहा रहे हैं. चौहान ने कहा,”कांग्रेस ने देश में 50 साल तक सरकारें चलाईं. क्या कांग्रेस ने कभी बहनों को इज्जत दी और क्या इस पार्टी ने कभी महिलाओं का सम्मान बढ.ाया? क्या कांग्रेस ने बहनों की आंखों से आंसू पोंछने का काम किया?”

उन्होंने कहा,”मैंने बैगा, भारिया और सहरिया जनजातियों की महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 रुपये पहुंचाने का सिलसिला शुरू किया था. यह बात दस्तावेजों में दर्ज है कि कमलनाथ की अगुवाई वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने ये पैसे इन महिलाओं से छीन लिए.” चौहान ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने महिलाओं को विवाह की योजना की रकम भी नहीं दी.

उन्होंने कांग्रेस पर हमले जारी रखते हुए कहा,”मेरी सरकार 12वीं में 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देती थी. कमलनाथ सरकार ने बच्चों से ये लैपटॉप भी छीन लिए थे.” मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने 12वीं में 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने की योजना बहाल कर दी है और इसके तहत पात्र विद्यार्थियों को 26 जुलाई को लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu