पाकिस्तान में दोस्त से मिलने जा रही मध्यप्रदेश की महिला को वाघा सीमा पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Jun 2022 08:25 PM
पाकिस्तान में दोस्त से मिलने जा रही मध्यप्रदेश की महिला को वाघा सीमा पर रोका
ऑडियो सुनें

रीवा. सोशल मीडिया के जरिये दोस्त बने एक व्यक्ति से मिलने के लिए पाकिस्तान जा रही मध्यप्रदेश के रीवा की रहने वाली 24 वर्षीय एक महिला को यहां उसके रिश्तेदार की शिकायत के बाद जारी लुकआउट नोटिस के आधार पर अटारी-वाघा सीमा पर रोक दिया गया. एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी है.

पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने कहा कि यह महिला 14 जून को घर से निकली थी और उसके परिवार के सदस्यों ने दावा किया था कि उन्हें अज्ञात नंबरों से फोन आ रहे थे. जांच में पता चला कि ये फोन नंबर पाकिस्तान के हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हमारी जांच में पाया गया है कि महिला ने अपने रिश्तेदारों की जानकारी के बिना पासपोर्ट प्राप्त किया था. पासपोर्ट के बारे में पता चलने के बाद लुकआउट नोटिस जारी किया गया और महिला को अटारी-वाघा सीमा पर रोक दिया गया.’’

भसीन ने कहा, ‘‘यहां से एक टीम शनिवार को पंजाब पहुंची और महिला को वापस ला रही है. एक बार जब हम उससे बात कर लेंगे तो विस्तृत ब्योरा दे पाएंगे.’’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला ने पहले परिवार के सदस्यों को बताया था कि सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती एक पाकिस्तानी व्यक्ति से हुई है, जो प्यार में बदल गई और वह उससे मिलने जा रही है.

इसी बीच, रीवा शहर के सिटी कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी आदित्य प्रताप सिंह ने कहा कि महिला एक निजी स्कूल में शिक्षक है और उसके पास पाकिस्तान के लिए वीजा था. उन्होंने कहा कि इस महिला को पाकिस्तान से बार-बार फोन कॉल आ रहे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu