असम में ‘माफिया राज’: प्रियंका गांधी वाद्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 May 2024 07:03 PM
असम में ‘माफिया राज’: प्रियंका गांधी वाद्रा
ऑडियो सुनें

धुबरी. असम में ‘माफिया राज’ होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा राज्य में अनेक घोटालों में शामिल हैं. धुबरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने दावा किया कि शर्मा का असम में एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) के नेता बदरुद्दीन अजमल से उसी तरह ‘गुप्त समझौता’ है जैसा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का तेलंगाना में असदुद्दीन ओवैसी के साथ है और इन दोनों दलों का उद्देश्य कांग्रेस को हराना है.

उन्होंने कर्नाटक के सांसद प्रज्वल रेवन्ना पर लगे यौन शोषण के आरोपों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके लिए वोट मांगे और फिर उन्हें देश छोड़ने से नहीं रोका. प्रियंका ने कहा, ”असम में माफिया राज है. जमीन, सुपारी, रेत, कोयला और अन्य सभी क्षेत्रों में माफिया काम कर रहे हैं. हर जगह जबरन वसूली हो रही है और माफिया काम कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों की संपत्तियां, पीपीई किट और फ्लाईओवर समेत सभी तरह के घोटाले और लगातार गौ तस्करी हो रही है, लेकिन केवल एक चीज नहीं हो रही है और वह राज्य में विकास.

कांग्रेस नेता ने कहा कि शर्मा जब कांग्रेस में थे तो उनके खिलाफ कई आरोप थे लेकिन वह ‘भाजपा की वॉशिंग मशीन’ में साफ हो गए.
प्रियंका गांधी धुबरी से लोकसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस विधायक रकीबुल हसन के लिए प्रचार कर रही थीं. उनका मुकाबला बदरुद्दीन अजमल और भाजपा सर्मिथत असम गण परिषद के उम्मीदवार तथा पूर्व विधायक जाबेद इस्लाम से है.

महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जब एक भूतपूर्व सैनिक की पत्नी को मणिपुर में निर्वस्त्र घुमाया गया और पदक विजेता महिला खिलाड़ियों ने एक भाजपा नेता पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए तो प्रधानमंत्री चुप रहे. कांग्रेस नेता ने चुनावी बॉण्ड के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा और इसे मोदी द्वारा शुरू की गई ‘भ्रष्टाचार योजना’ करार दिया.

सत्तारूढ. दल पर अकूत संपदा एकत्र करने का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा, ”भाजपा केवल 10 साल में दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई.” प्रियंका ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी आम जनता की हकीकत से बहुत दूर हैं, उन्हें लोगों की परेशानियों का कोई अंदाजा नहीं है और वह ‘अहंकारी’ हो गए हैं.

उन्होंने कहा, ”मोदी को दुनिया के अनेक देशों की यात्रा करते हुए देखते हैं, लेकिन वह कभी भारत में किसी के घर नहीं गए. मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि बताएं कि वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक भी घर में गये हों.” उन्होंने आरोप लगाया, ”असम में बेरोजगारी का बढ.ना एक अहम मुद्दा है लेकिन मुख्यमंत्री तथा उनके मंत्रियों को केवल अपने निजी हितों की चिंता है.” प्रियंका गांधी वाद्रा ने दावा किया, ”उनके मंत्री गांवों और कस्बों में ऐलान कर रहे हैं कि अगर राजग तीसरी बार सत्ता में आया तो संविधान बदल दिया जाएगा. यह संविधान आपको मतदान का अधिकार देता है. यह हम सभी को समान बनाता है.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि हर चुनाव धार्मिक आधार पर लड़ा जाए. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ”कांग्रेस हरित क्रांति लाई थी, श्वेत क्रांति लाई थी, जबकि भाजपा भारत में नफरत की क्रांति लाई.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu