मलयालम अभिनेत्री ने कोझिकोड के मॉल में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Sep 2022 07:42 PM
मलयालम अभिनेत्री ने कोझिकोड के मॉल में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

कोझिकोड. इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट के माध्यम से चौंकाने वाला खुलासा करते हुए एक मशहूर मलयालम फिल्म अभिनेत्री ने कहा है कि उत्तरी केरल के कोझिकोड जिले में स्थित एक मॉल में फिल्म प्रचार कार्यक्रम के दौरान उनका यौन उत्पीड़न किया गया था.
केरल राज्य महिला आयोग ने घटना की कड़ी निंदा की और पुलिस ने मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी है.

लोगों की ‘‘यौन कुंठा’’ को लेकर गुस्सा और चिंता जाहिर करते हुए अपने पोस्ट में अभिनेत्री ने कहा कि मंगलवार रात को इस व्यस्त मॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक अन्य अभिनेत्री ने भी इसी तरह का अनुभव किया था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर देखा गया और स्थानीय टीवी चैनलों ने भी इसका प्रसारण किया.

अभिनेत्री ने बीती रात अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘कोझिकोड एक ऐसी जगह है जिससे मैं बहुत प्यार करती हूं. लेकिन, आज रात एक कार्यक्रम के बाद लौटते समय भीड़ में एक व्यक्ति ने मुझे पकड़ लिया. मुझे यह कहते हुए घृणा होती है कि क्या हमारे आसपास के लोग इतने कुंठित हैं? हम फिल्म के प्रचार के सिलसिले में कई जगहों पर जाते हैं. लेकिन, मुझे ऐसा बुरा अनुभव कहीं और नहीं हुआ था. मेरी सहयोगी को भी ऐसा ही अनुभव हुआ. उसने जवाब दिया … लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकी क्योंकि मैं एक पल के लिए सन्न रह गयी थी …’’

भीड़ के दुर्व्यवहार का शिकार हुई अन्य अभिनेत्री ने भी अपने इंस्टाग्राम पेज के माध्यम से अपने बुरे अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि मॉल में भीड़भाड़ थी और सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने की मशक्कत कर रहे थे. अभिनेत्री ने कहा कि एक व्यक्ति ने उनकी एक साथी कलाकार के साथ दुर्व्यवहार किया लेकिन वह जवाब नहीं दे सकीं.

उन्होंने कहा, ‘‘बाद में मुझे भी इसी तरह के अनुभव का सामना करना पड़ा, लेकिन मैंने इसका जवाब दिया… मैं चाहती हूं कि किसी को भी अपने जीवन में इस तरह के अनुभव का सामना नहीं करना पड़े….’’ उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि दोषी को दंडित किया जाए.
अभिनेत्रियों के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया. इस बीच केरल राज्य महिला आयोग की प्रमुख पी सतिदेवी ने इस घटना की निंदा की और पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा कि भीड़ के बीच महिलाओं पर हमले की घटनाएं लगातार हो रही हैं और समाज को इन घटनाओं को बेहद सावधानी से देखना चाहिए. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पीड़ितों में से एक का बयान दर्ज कर लिया गया है और दूसरी पीड़िता का भी जल्द ही बयान दर्ज किया जाएगा जो अभी कोच्चि में हैं. उन्होंने कहा कि इसके लिए एक महिला कांस्टेबल को पहले से ही तैनात कर दिया गया है.

उन्होंने कहा, ‘‘बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और उसके बाद ही इसमें लगायी जाने वाली भारतीय दंड संहिता की धाराओं के बारे में पता चलेगा. एक निर्माता ने ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है लेकिन यह थोड़ा अस्पष्ट है. इसलिए, हमने एक मजबूत मामला बनाने के लिए पीड़ितों के बयान जल्द से जल्द दर्ज करने का फैसला किया.’’ सूत्रों ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान करने और उनका पता लगाने के प्रयास जारी हैं. एक महीने पहले इसी मॉल में आयोजित एक प्रचार कार्यक्रम को समय से पहले खत्म करना पड़ा था क्योंकि अपने पसंदीदा अभिनेता को देखने के लिए वहां जमा हुई भीड़ बेकाबू हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu