कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा की आलोचना करने को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश के अपने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पलटवार करते हुए उन्हें ”सबसे बड़ा भोगी” करार दिया.
यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में इमामों और धर्म गुरुओं की एक सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख बनर्जी ने आदित्यनाथ पर अपने राज्य के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास करने का आरोप लगाया और कानून-व्यवस्था, विशेषकर धार्मिक आयोजनों के दौरान उनके कामकाज की आलोचना की.
बनर्जी ने कहा, ”योगी बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं. वह सबसे बड़े ‘भोगी’ हैं. महाकुंभ भगदड़ में कितने लोग मारे गए? क्या उन्होंने सही आंकड़े साझा किए कि इसमें कितने लोग मारे गए? उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ में कितने लोग मारे गए. वह शांतिपूर्ण रैलियां भी नहीं करने देते.” उनकी टिप्पणी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा यह आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद आई है कि ”बंगाल जल रहा है और बनर्जी हिंसा पर चुप्पी साधे हुए हैं.” दंगाइयों से निपटने के लिए सख्त कार्रवाई का आह्वान करते हुए आदित्यनाथ ने यह भी कहा था, ”लातों के भूत बातों से कहां मानने वाले हैं.” पलटवार करते हुए बनर्जी ने आदित्यनाथ के कानून-व्यवस्था पर बोलने के नैतिक अधिकार पर सवाल उठाया और उन पर आध्यात्मिकता के मुखौटे के पीछे छिपने का आरोप लगाया.