मंधाना, रावल और रोड्रिग्स की मदद से भारत ने बनाए तीन विकेट पर 340 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 23 Oct 2025 10:43 PM
मंधाना, रावल और रोड्रिग्स की मदद से भारत ने बनाए तीन विकेट पर 340 रन

ऑडियो सुनें

नवी मुंबई. भारत ने स्मृति मंधाना (109 रन) और प्रतिका रावल (122 रन) के बीच पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 212 रन की साझेदारी के साथ जेमिमा रोड्रिग्स की 76 रन की तेज तर्रार नाबाद पारी की मदद से बृहस्पतिवार को यहां बारिश से प्रभावित आईसीसी महिला वनडे विश्व कप मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन विकेट पर 340 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. बारिश के कारण 90 मिनट तक खेल रूका रहा जिसके बाद इसे 49-49 ओवरों का कर दिया गया.

लगातार तीन मैच गंवाने के कारण भारत का सेमीफाइनल स्थान दाव पर लगा हुआ है. भारत ने अनुकूल पिच का फायदा उठाते हुए मंधाना की अगुवाई में टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. रावल ने विश्व कप में अपना पहला शतक जड़ने के साथ ही दो बड़ी साझेदारियां भी निभाईं. उन्होंने मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 212 रन और रोड्रिग्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन की भागीदारी निभाईं.

भारत ने पिछले मैच में छठे गेंदबाज को प्राथमिकता रखने के कारण रोड्रिग्स को अंतिम एकादश से बाहर रखा था. लेकिन इस मैच में रोड्रिग्स को शामिल किया गया. उन्होंने 39 गेंद में इस विश्व कप का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा जिसके बाद उन्होंने 55 गेंद में 11 चौकों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए.

मंधाना ने 95 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़े. उन्होंने सही समय पर अपना तीसरा विश्व कप शतक जड़ा जबकि यह इस चरण का उनका पहला शतक था. उन्होंने ऑफ स्पिनर ईडन कार्सन की गेंद पर कवर पर एक शानदार छक्का जड़ा. गर्मी और उमस भरे मौसम में मंधाना और रावल ने न्यूजीलैंड को यह अहसास दिलाने में ज्यादा देर नहीं लगाई कि शायद भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारना सही फैसला नहीं था.

न्यूजीलैंड ने कसी गेंदबाजी से शुरुआत तो अच्छी की लेकिन जल्द ही उसकी गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनने लगे. मंधाना दोनों खिलाड़ियों में आक्रामक खेल रही थीं, उन्होंने बेहतरीन स्ट्रोक्स लगाए. मंधाना का 14वां वनडे शतक इस कैलेंडर वर्ष में उनका पांचवां सैकड़ा भी था. इस तरह वह ऑस्ट्रेलियाई महान खिलाड़ी मेग लैनिंग के किसी भी महिला खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक वनडे शतकों (15) के रिकॉर्ड को तोड़ने के भी करीब पहुंच गईं हैं.

मंधाना ने 18वें ओवर में अपना लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया और साथ ही रावल के साथ शतकीय साझेदारी भी पूरी की.
बल्कि दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी न केवल इस विश्व कप में आठों टीमों के बीच किसी भी विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ भागीदारी है बल्कि विश्व कप इतिहास में भारत के लिए भी किसी भी विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है.
रावल ने मंधाना के लिए एक आदर्श जोड़ीदार के रूप में अपनी योग्यता साबित की और अपना पहला विश्व कप शतक जड़ा. यह उनकी कुल दूसरी शतकीय पारी थी.

दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 134 गेंद में 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से 122 रन बनाए जिसमें 63 डॉट बॉल थीं. वह आखिर में 43वें ओवर में पवेलियन लौट गईं. न्यूजीलैंड ने 34वें ओवर में मंधाना का विकेट झटककर पहली सफलता हासिल की और रोड्रिक्स ने तीसरे नंबर पर तेज तर्रार पारी खेली. रोड्रिग्स ने 46वें ओवर में ईडन कार्सन पर तीन चौके लगाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu