मौलाना इकबाल आतंकवादी नहीं, सम्मानित व्यक्ति थे, पाक गोलाबारी में उनकी हुई मौत: पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 09:29 PM
मौलाना इकबाल आतंकवादी नहीं, सम्मानित व्यक्ति थे, पाक गोलाबारी में उनकी हुई मौत: पुलिस
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुंछ में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी में जान गंवाने वाले लोगों में शामिल मौलाना इकबाल आतंकवादी नहीं बल्कि एक सम्मानित धार्मिक व्यक्ति थे. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने विभिन्न मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित उन खबरों को “आधारहीन और भ्रामक” बताते हुए यह स्पष्टीकरण जारी किया है, जिनमें दावा किया गया था कि इकबाल एक कुख्यात आतंकवादी था और सीमा पार भारतीय सशस्त्र बलों के मिसाइल हमले में मारा गया है.

पुलिस ने एक बयान में कहा, ” इस तरह की फर्जी खबर प्रसारित करने में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी मीडिया संस्थान, पत्रकार या व्यक्ति के खिलाफ कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.” मंडी तहसील के बैला गांव के निवासी इकबाल की बुधवार को पुंछ शहर में उनके मदरसे जिया-उल-उलूम पर मोर्टार का गोला गिरने से मौत हो गई थी. जिले में एक गुरुद्वारा और एक मंदिर भी पाकिस्तान की अंधाधुंध गोलाबारी की चपेट में आ गया, जिसमें एक सैनिक, चार बच्चे और दो महिलाओं समेत 13 लोगों की जान चली गई.

बयान में कहा गया है, “पुंछ पुलिस इस तरह के झूठे दावों का दृढ़ता से खंडन करती है. मृतक (इकबाल) क्षेत्र में सम्मानित धार्मिक व्यक्ति थे और उनका किसी भी आतंकवादी संगठन से कोई संबंध नहीं था. ऐसी संवेदनशील घटनाओं की गलत रिपोर्टिंग से न केवल अनावश्यक दहशत फैलती है, बल्कि मृतक की गरिमा और शोक संतप्त परिवार की भावनाओं का भी अनादर होता है.” इसमें सभी मीडिया र्किमयों और प्लेटफार्म को सलाह दी गई है कि वे सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित कोई भी जानकारी प्रकाशित करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से तथ्यों की पुष्टि कर लें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu