जब शेन वार्न का निधन हुआ तो ऑस्ट्रेलिया के साथ लाखों भारतीयों ने भी शोक मनाया: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 May 2023 08:01 PM
जब शेन वार्न का निधन हुआ तो ऑस्ट्रेलिया के साथ लाखों भारतीयों ने भी शोक मनाया: मोदी
ऑडियो सुनें

सिडनी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साल जब ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न का निधन हुआ था तो लाखों भारतीयों ने शोक मनाया था. मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ सिडनी के कुडोस बैंक एरिना में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही. उन्होंने योग, क्रिकेट, फिल्मों और खाना पकाने के टेलीविजन कार्यक्रम ‘मास्टरशेफ’ का उदाहरण देते हुए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत संबंधों को रेखांकित किया.

उन्होंने कहा, ”हमारे क्रिकेट के रिश्तों को भी 75 वर्ष पूरे हो गए हैं. क्रिकेट के मैदान पर मुकाबला जितना रोचक होता है, मैदान के बाहर हमारी दोस्ती उतनी ही गहरी है. इस बार तो ऑस्ट्रेलिया की अनेक महिला क्रिकेट खिलाड़ी भी पहली बार भारत में इंडियन प्रीमियर लीग खेलने आई थीं.” उन्होंने कहा, ”ऐसा नहीं है कि दोनों देश सिर्फ सुख के साथी हैं. अच्छा दोस्त सुख का साथी तो होता ही, दुख का भी साथी होता है. पिछले साल जब महान शेन वार्न का निधन हुआ था तो ऑस्ट्रेलिया के साथ लाखों भारतीयों ने शोक मनाया. ऐसा लग रहा था जैसे हमने अपना कोई खो दिया हो.” क्रिकेट के महानतम स्पिनरों में से एक वार्न (52) का पिछले साल मार्च में थाईलैंड में निधन हो गया था. वह अपने आवास पर अचेत पाए गए थे और उन्हें बचाया नहीं जा सका था.

दिग्गज विकेटकीपर रॉडनी मार्श का भी उसी दिन निधन हुआ था. ऑस्ट्रेलिया के लिए यह दोहरा झटके के समान था. वार्न ने ट्वीट कर अपने वरिष्ठ वरिष्ठ खिलाड़ी के निधन पर शोक प्रकट किया था. मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच भौगोलिक दूरी जरूर है, लेकिन हिंद महासागर इन्हें आपस में जोड़ता है, जीवनशैली भले ही अलग-अलग हों पर अब योग भी इन्हें जोड़ता है.

उन्होंने कहा कि क्रिकेट से तो दोनों देश ना जाने कब से जुड़े हुए हैं, लेकिन अब टेनिस और फिल्में भी इन्हें जोड़ रही हैं. मोदी पापुआ न्यू गिनी से यहां ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे. हिरोशिमा में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर अल्बनीज, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात के बाद उनकी यह यात्रा (22-24 मई) हो रही है. मोदी बुधवार को अल्बनीज से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu