मुंबई में नाबालिग और दो युवकों ने एसआरए प्रोजेक्ट सुपरवाइजर की हत्या की, पकड़े गए

मुंबई: मुंबई में झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) परियोजना के एक सुपरवाइजर की बृहस्पतिवार को एक नाबालिग लड़के और दो युवकों ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी (19) की सुपरवाइजर से शत्रुता थी, क्योंकि उसने आरोपी के चाचा को एक परियोजना स्थल पर नौकरी से निकाल दिया था।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो अलग-अलग चॉल में रहते हैं। एसआरए शहर के सभी झुग्गी-झोपड़ी इलाकों के लिए एक योजना प्राधिकरण है। घटना वर्ली इलाके के कांबले नगर में एसआरए पुर्निवकास स्थल पर तड़के हुई।

अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद शब्बीर अब्बास खान ने आरोपी के चाचा को परियोजना स्थल से नौकरी से हटा दिया था और उसे वेतन भी नहीं दिया था जिसके कारण आरोपी उससे शत्रुता रखता था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी 17 और 18 वर्षीय अपने दो साथियों के साथ तड़के परियोजना स्थल पर गया और कथित तौर पर खान पर चाकुओं से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को हिरासत में ले लिया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button