मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर सेना को ‘राजनीति का हथियार’ बनाने का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 May 2024 07:58 PM
मोदी ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर सेना को ‘राजनीति का हथियार’ बनाने का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

होशियारपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के खिलाफ हमला तेज करते हुए उस पर सेना को ‘राजनीति का हथियार’ बनाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे बड़ा ‘कोई पाप’ नहीं हो सकता. मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन ने भारतीय सशस्त्र बलों को कमजोर करने का कभी कोई मौका नहीं छोड़ा. मोदी यहां लोकसभा चुनाव की अपनी आखिरी चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे.

उनका यह हमला कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्यों द्वारा अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार को निशाना बनाने की पृष्ठभूमि में आया है. विशेष रूप से, कांग्रेस ने कहा है कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है तो वह अग्निपथ योजना को रद्द कर देगी. मोदी ने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय रक्षा बलों को सही मायने में सबसे आधुनिक और सक्षम बल और आत्मनिर्भर बनाना है.
उन्होंने कहा कि लेकिन यह पहल काला धन बनाने के लिए ‘इंडी गठबंधन’ के रास्ते को अवरुद्ध करती है. इसलिए वे मोदी के खिलाफ गुस्सा निकाल रहे हैं.

उन्होंने कहा, ”हमें सभी चीजों को ध्यान में रखने की जरूरत है कि हम किसके साथ लड़ते हैं… और हमें उसी के अनुसार अपनी सेना को तैयार करना होगा.” प्रधानमंत्री ने कहा कि सेनाएं केवल गणतंत्र दिवस परेड के लिए नहीं बनी हैं बल्कि सेना लड़ने, दुश्मन को हराने और हमारी मातृभूमि को बचाने के लिए बनाई गई है. मोदी ने आरोप लगाया कि लेकिन विपक्ष ने सेना को राजनीति का हथियार बनाया और कहा कि इससे बड़ा पाप नहीं हो सकता.

उन्होंने कहा, ”मैं इंडी गठबंधन से कह रहा हूं कि मैं चुप हूं. मोदी को समझने में कोई गलती न करें. जिस दिन मोदी अपना मुंह खोलेगा, मैं आपके सभी पापों को बाहर निकाल दूंगा… ‘सात पीढि.यों के पाप’.” मोदी ने कहा कि पंजाब बहादुरों और वीरता की भूमि है, लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन ने हर कदम पर बहादुरों का अपमान किया.

उन्होंने कहा, ”ये वही लोग हैं जिन्होंने हमारे दिवंगत सेना प्रमुख बिपिन रावत का अपमान किया था, उन्हें गली का गुंडा कहा था. यह न केवल जनरल रावत का अपमान था, बल्कि देश के एक-एक सैनिक का भी अपमान है.” उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने लक्षित हमले का सबूत मांगा था.

उन्होंने कहा, ”ये वो लोग हैं जिन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान चीन को क्लीन चिट दी थी. वे हर दूसरे दिन भारतीय सेना का अपमान करते हैं.” मोदी ने कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन ने सेना को कमजोर करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी. कांग्रेस को निशाना बनाते हुए मोदी ने जीप घोटाले, बोफोर्स, पनडुब्बी और सेना के ट्रक घोटाले का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने सेना की जरूरतों की कभी परवाह नहीं की. मोदी ने आरोप लगाया, ”उन्होंने भ्रष्टाचार में लिप्त होकर केवल सरकारी खजाने को लूटने और खाली करने की योजना बनाई.” उन्होंने कांग्रेस पर तेजस लड़ाकू विमान परियोजना को ठंडे बस्ते में डालने का भी आरोप लगाया.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”उन्होंने सीडीएस (चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ) के मुद्दे को कई वर्षों तक लटकाए रखा. ये वे लोग हैं जिन्होंने सेना के आधुनिकीकरण के लिए कई वर्षों तक महत्वपूर्ण सुधार नहीं होने दिए.” मोदी ने एक बार फिर वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसने इस मुद्दे पर 40 साल तक पूर्व सैनिकों से झूठ बोला. प्रधानमंत्री ने कहा, ”वे सैनिकों की आंखों में धूल झोंकते हैं.” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ही ओआरओपी लागू किया था.

दशकों बाद पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है. गुरु रविदास को याद करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि गरीब कल्याण उनकी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है और इसके पीछे गुरु रविदास जी की प्रेरणा है. मोदी ने सात चरणों में संपन्न हो रहे लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश ने पिछले 10 वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास देखा है.

उन्होंने कहा, ”दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है. और इसकी सबसे बड़ी वजह है विकसित भारत का सपना. आज हर भारतीय विकसित भारत के सपने के साथ जुड़ गया है और इसलिए हर देशवासी हमें आशीर्वाद दे रहा है.” स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से ‘यही समय है, सही समय है’ के अपने उद्घोष का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी.
उन्होंने कहा, ”पिछले 10 साल में भारत ने जो विकास करके दिखाया है, वह अभूतपूर्व रहा है. आज जब पंजाब के लोग, दूसरे राज्यों के लोग विदेश जाते हैं तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ. गई है.” उन्होंने कहा कि जब देश में दमदार सरकार होती है तो विदेशी सरकारें भी ‘हमारा दम’ देखती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu