मोदी बने भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य, पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Oct 2024 08:04 PM
मोदी बने भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य, पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले सक्रिय सदस्य बने और साथ ही उन्होंने पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत भी की. प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए खुद यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, ”विकसित भारत बनाने के हमारे प्रयास को गति प्रदान करना! भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में पहला सक्रिय सदस्य बनने और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की उपस्थिति में पार्टी के सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत करने पर गर्व है.” मोदी ने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान एक ऐसा आंदोलन है जो जमीनी स्तर पर भाजपा को और मजबूत करेगा तथा राष्ट्रीय प्रगति के लिए कार्यकर्ताओं का प्रभावी योगदान सुनिश्चित करेगा.

उन्होंने कहा, ”पार्टी का सक्रिय सदस्य होने के लिए एक कार्यकर्ता को एक बूथ या विधानसभा सीट पर 50 सदस्यों को पंजीकृत करना होता है. ऐसे कार्यकर्ता मंडल समिति और उससे ऊपर के पदों के लिए चुनाव लड़ने के पात्र होंगे. साथ ही उन्हें आने वाले समय में पार्टी के लिए काम करने के कई मौके मिलेंगे.” प्रधानमंत्री के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए नड्डा ने कहा कि जमीनी स्तर पर भाजपा की उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने आज सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की है और इस अभियान के पहले सक्रिय सदस्य बन गए हैं.

उन्होंने कहा, ”यह आंदोलन हमारे कार्यकर्ताओं के बीच प्रतिबद्धता और समर्पण की भावना को मजबूत करेगा और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के लिए सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए सशक्त करेगा.” भाजपा के सदस्यता अभियान की  शुरूआत सितंबर महीने में की गई थी. प्रधानमंत्री मोदी ने ही इसकी शुरुआत की थी और वह इसके पहले सदस्य बने थे. भाजपा के संविधान के अनुसार सक्रिय सदस्य ही संगठन का चुनाव लड़ सकते हैं. सभी पुराने सदस्यों को भी अपनी सदस्यता का नवीनीकरण करवाना होता है.

By Yogesh Kumar Sahu