जम्मू-कश्मीर पर मोदी सरकार की नीति दिशाहीन और निरर्थक साबित हुई: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Mar 2024 10:36 PM
जम्मू-कश्मीर पर मोदी सरकार की नीति दिशाहीन और निरर्थक साबित हुई: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की श्रीनगर की सभा के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर पर मोदी सरकार की नीति दिशाहीन और निरर्थक साबित हुई है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को श्रीनगर में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और स्वतंत्र रूप से सांस ले रहा है.

मोदी ने ‘विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर’ कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर अनुच्छेद 370 पर न केवल जम्मू-कश्मीर के लोगों को, बल्कि पूरे देश को गुमराह करने का आरोप लगाया.

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ” प्रधानमंत्री जी, जम्मू-कश्मीर के लोग आपसे निम्नलिखित प्रश्न पूछना चाहते हैं: 2019 से जम्मू-कश्मीर के सरकारी विभागों में 65 प्रतिशत पद खाली क्यों हैं? 2021 में नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से 97 प्रतिशत निवेश ज.मीन पर क्यों नहीं उतर पाया है? प्रधानमंत्री विकास पैकेज, 2015 के तहत 40 प्रतिशत परियोजनाएं अभी भी लंबित क्यों हैं?”

उन्होंने यह सवाल भी किया, ”2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बावजूद जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं की संख्या 140 (संप्रग सरकार के समय) से बढ.कर 579 क्यों हो गई है?अकेले 2022 में कश्मीरी पंडितों की 30 लक्षित हत्याओं में तेजी क्यों आई? जम्मू-कश्मीर में पूर्ण राज्य का दर्जा कब बहाल होगा?” खरगे ने इस बात का उल्लेख किया उच्चतम न्यायालय ने चुनाव आयोग को 30 सितंबर 2024 तक जम्मू-कश्मीर विधानसभा के चुनाव कराने का निर्देश दिया था.

उन्होंने कहा, ”यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि मोदी सरकार ने 2019 में ही जम्मू-कश्मीर को ”जल्द” पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया था. भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में जम्मू-कश्मीर के लोगों के जीवन पर केवल प्रयोग किए हैं.” खरगे ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर पर मोदी सरकार की एकमात्र नीति दिशाहीन और निरर्थक रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu