मोदी ने भारत में पर्यावरण कानूनों को कमजोर किया : जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Jun 2022 08:29 PM
मोदी ने भारत में पर्यावरण कानूनों को कमजोर किया : जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पाखंड करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भारत में सभी पर्यावरण एवं वन कानूनों को कमजोर कर दिया, फिर भी वह (मोदी) खुद को विश्व मंच पर पर्यावरण के पैरोकार के रूप में पेश कर रहे हैं. प्रधानमंत्री द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ”लाइफस्टाइल फॉर द एनवायरनमेंट” पहल की शुरुआत करने के मद्देनजर रमेश ने यह कहा.

पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश ने ट्वीट किया, ”आज विश्व पर्यावरण दिवस है, जो 1973 से मनाया जा रहा है. विश्वगुरु, ‘लाइफ’ (पर्यावरण के अनुसार जीवन शैली) की शुरुआत करने जा रहे हैं. यह पाखंड की चरम सीमा है, क्योंकि वह भारत में सभी पर्यावरण एवं वन कानूनों, विनियमों और संस्थानों को कमजोर कर रहे हैं, फिर भी वह (मोदी) खुद को पर्यावरण के पैरोकार के रूप में पेश कर रहे हैं.”

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ”जलवायु परिवर्तन के बारे में उनकी समझ तब स्पष्ट रूप से सामने आ गई, जब उन्होंने घोषणा की कि ”कोई जलवायु परिवर्तन नहीं हुआ है, बस ‘हमारी सहनशीलता और आदतें’ बदल गई हैं.” मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया था, ”कल, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस है. शाम 6 बजे ‘लाइफ’ वैश्विक आंदोलन शुरू किया जाएगा. यह आंदोलन उन परंपराओं को प्रोत्साहित करना चाहता है, जिनके जरिये स्थायी जीवन व पर्यावरण के अनुकूल विकास होता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu