बखमुत की लड़ाई में हमारे 20,000 से अधिक सैनिक मारे गए: रूस के वैगनर प्रमुख ने कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 May 2023 07:36 PM
बखमुत की लड़ाई में हमारे 20,000 से अधिक सैनिक मारे गए: रूस के वैगनर प्रमुख ने कहा
ऑडियो सुनें

कीव. रूस की निजी सेना ‘वैगनर’ के प्रमुख का कहना है कि उसके बल ने बखमुत में लंबी खिंची लड़ाई में 20,000 से अधिक लड़ाकों को खो दिया है. उसने कहा कि पूर्वी यूक्रेन में 15 महीने से जारी लड़ाई के लिए भर्ती किए गए 50,000 रूसी अपराधियों में से से लगभग 20 प्रतिशत मारे जा चुके हैं.

यह आंकड़ा मॉस्को के इन दावों के विपरीत है कि युद्ध में उसके केवल 6,000 सैनिक मारे गए हैं. मरने वालों का आंकड़ा 1979-89 के बीच सोवियत संघ के अफगानिस्तान में मारे गए 15,000 सैनिकों की संख्या से भी अधिक है. फरवरी 2022 में रूस का आक्रमण शुरू होने के बाद से यूक्रेन ने यह नहीं बताया है कि उसके कितने सैनिक मारे गए हैं.

विश्लेषकों का मानना ??है कि अकेले बखमुत में नौ महीने से जारी लड़ाई में हजारों सैनिक मारे गए हैं जिनमें वे अपराधी भी शामिल हैं जिन्हें कथित तौर पर मोर्चे पर भेजे जाने से पहले बहुत कम प्रशिक्षण प्राप्त हुआ था. वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने मंगलवार देर रात प्रकाशित एक साक्षात्कार में कहा कि यूक्रेन के “विसैन्यीकरण” का रूस के आक्रमण का लक्ष्य उल्टा असर कर रहा है क्योंकि यूक्रेनी सेना अपने पश्चिमी सहयोगियों से मिले हथियारों और प्रशिक्षण के चलते मजबूत हो गई है.

क्रेमलिन समर्थक राजनीतिक रणनीतिकार कोन्स्टेंटिन डोलगोव के साथ अपने साक्षात्कार में प्रिगोझिन ने यह भी कहा कि निरंतर पश्चिमी समर्थन को देखते हुए यह संभव है कि आने वाले हफ्तों में कीव की जवाबी कार्रवाई रूसी सेना को दक्षिणी और पूर्वी यूक्रेन के साथ-साथ क्रीमिया से बाहर धकेल दे.

उन्होंने कहा, ”इसलिए हमें एक कठिन युद्ध के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है.” यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने बुधवार को कहा कि बखमुत के अंदर “भीषण लड़ाई” जारी है. इससे कुछ दिन पहले रूस ने कहा था कि उसने बखमुत शहर पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है. इस बीच, रूसी सेना ने देश के दक्षिणी बेलगोरोद क्षेत्र में ‘बड़ी संख्या में’ ड्रोन को मार गिराया. एक स्थानीय अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

इससे एक दिन पहले रूस ने दावा किया था कि उसके सैनिकों ने सीमा पार से किए गए यूक्रेन के हमले को नाकाम कर दिया. बेलगोरोद के गवर्नर ब्याचेस्लाव ग्लादकोव ने एक टेलीग्राम पोस्ट में कहा, ”प्रांत के ऊपर रातभर मंडराते रहे कई ड्रोन को मार गिराया गया.” उन्होंने कहा कि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन अनिर्दष्टि प्रशासनिक भवनों, आवासीय भवनों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है. यूक्रेनी अधिकारियों ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की.

रूस ने कल दावा किया था कि उसके सैनिकों ने सीमा पार से किए गए यूक्रेन के हमले को नाकाम कर दिया. रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बेलगोरोद में लगभग 24 घंटे तक चली लड़ाई में 70 से अधिक हमलावर मारे गए. इस घटना में किसी रूसी के हताहत होने की खबर नहीं थी.

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेंकोव ने दावा किया कि सशस्त्र हमलावरों को रूसी सेना की स्थानीय इकाइयों, हवाई हमलों और तोपखाने की मदद से खदेड़ दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि हमले में बारह स्थानीय नागरिक घायल हो गए और कार्रवाई के दौरान एक वृद्ध महिला की मौत हो गई. यह लड़ाई पूर्वी यूक्रेन के खारकीव शहर से लगभग 80 किलोमीटर उत्तर में बेलगोरोद क्षेत्र में हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu