हॉकी इंडिया महिला लीग की पहली नीलामी में 350 से अधिक खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 08:50 PM
हॉकी इंडिया महिला लीग की पहली नीलामी में 350 से अधिक खिलाड़ियों पर लगेगी बोली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हॉकी इंडिया लीग में पहली बार महिलाओं की लीग के लिये होने वाली नीलामी में दुनिया भर की 350 से अधिक खिलाड़ियों पर मंगलवार को यहां बोली लगेगी. सात साल बाद हॉकी इंडिया लीग नये प्रारूप में लौट रही है जिसमें पहली बार महिलाओं की अलग लीग होगी. ऐतिहासिक नीलामी में 250 से अधिक घरेलू और 70 से अधिक विदेशी खिलाड़ियों पर बोली लगाई जायेगी.

भारत की शीर्ष महिला खिलाड़ियों में अनुभवी गोलकीपर सविता, राष्ट्रीय कप्तान सलीमा टेटे, ड्रैग फ्लिकर दीपिका , अनुभवी वंदना कटारिया और फॉरवर्ड लालरेम्सियामी शामिल हैं .इनके अलावा योगिता बाली, लिलिमा मिंज और नमिता टोप्पा जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने भी नाम दर्ज कराये हैं. अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में डेलफिना मेरिनो (अर्जेंटीना), चार्लोट स्टापेनहोर्स्ट(जर्मनी), मारिया ग्रानाटो (अर्जेंटीना) , रशेल लिंच (आस्ट्रेलिया) और नाइक लोरेंज (जर्मनी) प्रमुख हैं.

एचआईएल महिला लीग के पहले सत्र में चार टीमें होंगी जबकि दूसरे सत्र में दो और टीमें जोड़ी जायेंगी . इन टीमों में सूरमा हॉकी क्लब, बंगाल टाइगर्स, दिल्ली एसजी पाइपर्स और ओडिशा वारियर्स हैं . दूसरे सत्र में हैदराबाद तूफांस औ बीसी जिंदल समूह की एक टीम होगी.
हर टीम में 24 खिलाड़ी होंगे जिनमें 16 भारतीय (चार जूनियर अनिवार्य) और आठ विदेशी खिलाड़ी होंगे . टीमों को नीलामी में दो करोड़ रूपये की सीमा दी गई है जबकि खिलाड़ियों को तीन बेसप्राइज दस लाख, पांच लाख और दो लाख रूपये में बांटा गया है.

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा ,” हॉकी इंडिया महिला लीग भारत में महिला हॉकी के विकास का जश्न है . हमें पहली बार महिला लीग की नीलामी की मेजबानी की खुशी है . हमें खुशी है कि हमारे घरेलू खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा . भारतीय हॉकी के लिये एचआईएल 2024 . 25 मील का पत्थर साबित होगी .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu