नवरात्रि के दौरान चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किये माता वैष्णो देवी के दर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 07:32 PM
नवरात्रि के दौरान चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किये माता वैष्णो देवी के दर्शन
ऑडियो सुनें

जम्मू. नवरात्रि के उत्सव के दौरान जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी के मंदिर में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के प्रवक्ता ने कहा, ”नवरात्रि शुरू होने के बाद से रोजाना औसतन 40,000 श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अबतक चार लाख से अधिक श्रद्धालु यहां आ चुके हैं. पिछले वर्ष नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि के दौरान करीब 3.18 लाख श्रद्धालु यहां आये थे.” उन्होंने कहा कि विश्व शांति, सद्भाव, समृद्धि और मानव जाति के अच्छे स्वास्थ्य के लिए बोर्ड द्वारा आयोजित नौ दिवसीय ‘शत चंडी महायज्ञ’ का रामनवमी के पावन अवसर पर समापन हो गया.

प्रवक्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं के अलावा, कर्मचारियों के साथ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्ण आहुति और अन्य अनुष्ठानों में भाग लिया. उन्होंने बताया कि पद्म श्री प्रो. विश्वमूर्ति शास्त्री की अगुवाई में पंडितों के समूह ने महायज्ञ किया.

उन्होंने बताया कि नवरात्रि उत्सव के दौरान इस बार तीर्थयात्रा में स्काईवाक, पुर्निनमित पार्वती भवन, गुफा से वर्चुअल दर्शन, श्री भैरो जी मंदिर परिसर में मुफ्त लंगर सेवा, श्रद्धालुओं के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर सीधा दर्शन सुविधा तथा द्विभाषी ‘शक्ति’ चैटबॉट विशेष रूप से शामिल किये गए हैं.

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य तीर्थयात्रा को श्रद्धालुओं के लिए और सुविधाजनक और आनंदमय बनाना है. प्रवक्ता ने बताया कि स्काईवाक का 12 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उद्घाटन किया था, जिसने (स्काईवाक ने) नवरात्रि के दैरान यात्रा प्रबंधन में अहम भूमिका निभायी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu